


पटना: बिहार के शहरी परिवहन क्षेत्र में जल्द बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत राज्य के छह प्रमुख शहरों में 400 अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक बसों का परिचालन किया जाएगा। इस संबंध में बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी), परिवहन विभाग और ग्रीनसेल मोबिलिटी प्राइवेट लिमिटेड के बीच कंसेशन एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर किए गए हैं।
योजना के तहत 35 और 42 सीटर कुल 400 वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी। इन बसों का संचालन पटना, गया, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और पूर्णिया में किया जाएगा। पहले चरण में जुलाई माह से 200 ई-बसों को सड़कों पर उतारने की तैयारी है।
महिलाओं की सुरक्षित यात्रा को ध्यान में रखते हुए 200 बसों में से 50 बसों को पिंक बस के रूप में संचालित किया जाएगा। इन बसों में महिलाओं के लिए विशेष सुविधाएं और सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध रहेगी।
नई इलेक्ट्रिक बसों में यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।














