


@ छात्र जदयू को छात्रों की शिक्षा, रोजगार, छात्रवृत्ति, करियर मार्गदर्शन, कौशल विकास, विश्वविद्यालयों की समस्याओं तथा सामाजिक सेवा से जुड़े मुद्दों के लिए एक विश्वसनीय मंच बनाया जाएगा।

प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। डिग्री कॉलेज काशील, गोराडीह में मंगलवार को छात्र जदयू की ओर से ‘छात्र संवाद-सह-समीक्षा बैठक’ का आयोजन किया गया। बैठक में छात्र-छात्राओं से संवाद कर संगठन की गतिविधियों, छात्र हित से जुड़े विभिन्न मुद्दों तथा आगामी कार्यक्रमों की समीक्षा की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि छात्र जदयू के विधायक सह प्रदेश प्रभारी रुहैल रंजन एवं प्रदेश अध्यक्ष धीरज कुमार मौजूद रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में कहलगांव विधायक शुभानंद मुकेश ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। मंच संचालन छात्र जदयू के जिला अध्यक्ष गोलू मंडल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन विश्वविद्यालय अध्यक्ष एहसान उल राजा डेविड ने किया।
बैठक को संबोधित करते हुए छात्र जदयू के प्रभारी रुहैल रंजन ने कहा कि बिहार में छात्र और युवा शक्ति को सशक्त बनाना सरकार और संगठन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। छात्र जदयू को छात्रों की शिक्षा, रोजगार, छात्रवृत्ति, करियर मार्गदर्शन, कौशल विकास, विश्वविद्यालयों की समस्याओं तथा सामाजिक सेवा से जुड़े मुद्दों के लिए एक विश्वसनीय मंच बनाया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष धीरज कुमार ने कहा कि राजनीति केवल पद प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने सेवा, सुशासन और विकास को राजनीति का आधार बनाया है। छात्र जदयू कार्यकर्ताओं को उनके विचारों और कार्यशैली से प्रेरणा लेकर छात्र हितों के लिए निष्ठा से काम करना चाहिए।
विशिष्ट अतिथि विधायक शुभानंद मुकेश ने कहा कि युवा वर्ग समाज और राष्ट्र के भविष्य की महत्वपूर्ण कड़ी है। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ सामाजिक और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति भी जागरूक रहना चाहिए। उन्होंने छात्र-छात्राओं से शिक्षा के साथ सामाजिक एवं लोकतांत्रिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

बैठक में विवेकानंद गुप्ता, शाबान खान, शैलेन्द्र तोमर, मु हासिब, यास्मीन परवीन, अशोक सिन्हा, संजीत राय, ओम प्रकाश भ्रमर, छोटन मंडल, राजकुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में जदयू नेता, कार्यकर्ता एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
















