


@ सकरीगली-मोहराजपुर के बीच सैकड़ों मजदूर जुटे, मालगाड़ी से गिराए जा रहे बोल्डर; नाव और हाइवा से पहुंचाई जा रही सामग्री।
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। गंगा के कटाव ने साहिबगंज-बरहरवा रेलखंड पर रेलवे के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। सकरीगली और मोहराजपुर के बीच डाउन लाइन पर रेल परिचालन रोककर रेलवे ने अब पटरी की सुरक्षा के लिए मोर्चा संभाल लिया है। बुधवार सुबह से प्रभावित स्थल पर युद्धस्तर पर कटाव निरोधक कार्य शुरू किया गया है।
कटाव प्रभावित हिस्से में मालगाड़ी के वैगनों से लगातार बोल्डर गिराए जा रहे हैं, जबकि सैकड़ों मजदूर बोल्डर क्रेटिंग के काम में जुटे हैं। नदी की ओर से काम में इस्तेमाल होने वाली सामग्री पहुंचाने के लिए नाव और हाइवा का भी सहारा लिया जा रहा है। रेलवे की टीम का लक्ष्य प्रभावित रेलखंड को मजबूत कर जल्द से जल्द परिचालन सामान्य करना है।

अधिकारी मौके पर, हर गतिविधि की निगरानी:
बहाली कार्य की निगरानी के लिए मालदा रेल मंडल के एडीआरएम मौर्या, डीईएन विद्युत मंडल, एईएन वेद व्यास शरण समेत कई अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। अधिकारी लगातार कार्य की प्रगति पर नजर रख रहे हैं।रेलवे के अनुसार बोल्डर क्रेटिंग और स्लीपर के जरिए मजबूत सुरक्षा संरचना तैयार की जा रही है। प्रभावित स्थल पर आरपीएफ की टीम भी तैनात है।
डाउन लाइन बंद, अप लाइन से सीमित गति में ट्रेनें:
लगातार बारिश के बाद तटबंध को नुकसान पहुंचने के कारण डाउन लाइन पर यात्री और मालगाड़ियों का परिचालन अस्थायी रूप से बंद किया गया है। वहीं अप लाइन से ट्रेनों का परिचालन सीमित गति के साथ जारी है।सुरक्षा को देखते हुए रेलवे ने कई ट्रेनों को रद्द किया है, जबकि कई का मार्ग बदला गया है।
दो MEMU रद्द:
30 सितंबर की यात्रा के लिए –
63406 साहिबगंज-रामपुरहाट MEMU
63073 रामपुरहाट-साहिबगंज MEMU
रद्द की गई हैं।
लंबी दूरी की ट्रेनों के बदले मार्ग:
13106 बलिया-सीलदह एक्सप्रेस और 13020 काठगोदाम-हावड़ा बाग एक्सप्रेस को मुंगेर-भागलपुर-बांका-देवघर-जसीडीह बाइपास होकर चलाया जाएगा। इनका भागलपुर और देवघर में ठहराव रहेगा।
13404 भागलपुर-रांची वनांचल एक्सप्रेस और 13072 जमालपुर-हावड़ा एक्सप्रेस भागलपुर-दुमका-रामपुरहाट होकर चलेंगी।
वहीं 15657 दिल्ली-कामाख्या ब्रह्मपुत्र मेल और 15744 भटिंडा-बालुरघाट फरक्का एक्सप्रेस को जमालपुर-मुंगेर-कटिहार होकर चलाया जाएगा।
साहिबगंज और बरहरवा तक सीमित हुई कुछ ट्रेनें:
53408 जमालपुर-रामपुरहाट पैसेंजर और 13410 किऊल-मालदा टाउन एक्सप्रेस को साहिबगंज में शॉर्ट टर्मिनेट किया जाएगा।
53029 आजीमगंज-भागलपुर पैसेंजर बरहरवा तक ही चलेगी, जबकि 53030 भागलपुर-आजीमगंज पैसेंजर बरहरवा से शुरू होगी।
गंगा के कटाव के बीच फिलहाल रेलवे की पूरी कोशिश पटरी को सुरक्षित रखने और प्रभावित हिस्से को जल्द मजबूत करने पर केंद्रित है। मौके पर मशीनों, मजदूरों और अधिकारियों की लगातार सक्रियता के बीच बहाली का काम जारी है।

















