


नवगछिया। झंडापुर थाना क्षेत्र के जयरामपुर गांव में करीब 18 डिसमिल यानी चार कट्ठा जमीन के विवाद में 80 वर्षीय वृद्ध की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान जयरामपुर निवासी स्व. महावीर कुंवर के पुत्र बासुकी कुंवर (80) के रूप में हुई है। घटना उस समय हुई, जब विवादित जमीन पर कथित तौर पर जबरन बाउंड्री वॉल देने के लिए गड्ढा खोदा जा रहा था। विरोध के बाद दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया। परिजनों के अनुसार, मौके पर पहुंची पुलिस के सामने भी मारपीट हुई। इसी दौरान लोहे की खंती से हमला कर एक व्यक्ति का सिर फोड़ दिया गया। बीच-बचाव करने पहुंचे बासुकी कुंवर को कथित तौर पर हमलावरों ने उठाकर ईंट पर पटक दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लगी। पुलिस उन्हें इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के पहुंचने के बाद भी नहीं थमा विवाद
परिजनों के अनुसार, जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। शुक्रवार सुबह आरोपित पक्ष के लोग विवादित जमीन पर कथित तौर पर जबरन बाउंड्री वॉल देने के लिए गड्ढा खोद रहे थे। इसका दूसरे पक्ष ने विरोध किया। विरोध के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होने लगी। आरोपित पक्ष पर गाली-गलौज करने का भी आरोप लगाया गया है।
स्थिति बिगड़ने पर पीड़ित पक्ष की ओर से डायल-112 पर सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर विवाद शांत कराया। पुलिस ने दोनों पक्षों से जमीन से संबंधित कागजात लेकर झंडापुर थानाध्यक्ष से मिलने को कहा। इसके बाद आशुतोष कुमार और नीलेश कुमार झंडापुर थाना पहुंचे और मामले को लेकर आवेदन दिया।

आवेदन के बाद दोबारा पहुंची पुलिस
आवेदन मिलने के बाद झंडापुर पुलिस दोबारा विवादित स्थल पर पहुंची। परिजनों का आरोप है कि इस दौरान भी विवाद कर रहे लोगों ने पुलिस के साथ हाथापाई का प्रयास किया। पुलिस की मौजूदगी में ही आरोपितों ने लोहे की खंती से हमला कर एक व्यक्ति का सिर फोड़ दिया। इसी दौरान बासुकी कुंवर बीच-बचाव करने पहुंचे।
आरोप है कि हमलावरों ने वृद्ध को पकड़कर उठाया और ईंट पर पटक दिया। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद बासुकी कुंवर मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़े। उनकी हालत गंभीर देखकर पुलिस ने तत्काल उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टर ने मृत घोषित किया
अस्पताल में चिकित्सकों ने बासुकी कुंवर की जांच की और उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि जमीन के विवाद को लेकर वृद्ध के साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिसके कारण उनकी मौत हो गई।
चार लोगों को किया गया नामजद
मामले में जयरामपुर निवासी मिथुन कुमार, लल्ला कुमार, बिट्टू कुमार उर्फ बउवा और पप्पू कुंवर को नामजद आरोपित बनाया गया है। परिजनों की ओर से पुलिस को दिए आवेदन में विवादित जमीन पर जबरन बाउंड्री देने तथा विरोध करने पर मारपीट करने का आरोप लगाया गया है।
घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।
















