



भागलपुर जिले के पीरपैंती प्रखंड अंतर्गत चौखंडी पुल के पास बाढ़ का पानी चढ़ने से एक बार फिर बाखरपुर से पीरपैंती को जोड़ने वाला मुख्य सड़क मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है। इस सड़क के बंद हो जाने से हजारों ग्रामीणों की रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो गई है।
बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह से ही बाढ़ का पानी चौखंडी पुल पर चढ़ने लगा था। दोपहर होते-होते स्थिति गंभीर हो गई और पूरे मार्ग पर लगभग तीन फीट तक पानी भर गया, जिससे वाहनों का आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।
पिछले वर्ष भी इसी स्थान पर बाढ़ के दौरान चौखंडी पुल क्षतिग्रस्त हो गया था। उस समय लाखों की आबादी को आने-जाने में भारी परेशानी हुई थी। तब ग्रामीणों ने अपनी मेहनत से बांस और लकड़ी से चचरी पुल बनाकर किसी तरह पैदल और दोपहिया वाहनों के लिए आवागमन चालू रखा था। बाढ़ का पानी उतरने के बाद खेतों के रास्ते वैकल्पिक मार्ग बनाकर लोग अपनी दिनचर्या को किसी तरह जारी रखे हुए थे।

लेकिन एक साल बीतने के बावजूद प्रशासन की ओर से इस गंभीर समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। न तो नया पुल बना और न ही किसी वैकल्पिक व्यवस्था की शुरुआत हुई। अब एक बार फिर बाढ़ का पानी बढ़ने लगा है, और स्थिति भयावह होती जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह प्रशासन की घोर लापरवाही है। अभी तक राहत या वैकल्पिक रास्ते की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। ग्रामीणों में आक्रोश है और वे लगातार यह मांग कर रहे हैं कि चौखंडी पुल का निर्माण कार्य अविलंब शुरू कराया जाए। साथ ही जब तक स्थायी समाधान नहीं हो जाता, तब तक नाव या अस्थायी पुल जैसी सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि बाढ़ की मार के बीच आमजन की जिंदगी सामान्य हो सके।













