


भागलपुर।
डिपार्टमेंट क्रिकेट लीग के तहत जिला स्कूल मैदान पर खेले गए एकतरफा मुकाबले में डीएम 11 ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एलआईसी विभागीय टीम को 98 रनों से पराजित कर दिया। मैच में बल्लेबाजों की आक्रामक खेल शैली ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए डीएम 11 की टीम ने 15 ओवर में 239 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से चार बल्लेबाजों ने अर्धशतक जड़कर टूर्नामेंट में नया इतिहास रच दिया। यह पहली बार है जब किसी एक टीम के चार खिलाड़ियों ने एक ही मैच में अर्धशतक लगाया हो।
टीम के कप्तान धनंजय लाल की आक्रामक रणनीति का असर बल्लेबाजी में साफ नजर आया। शलभ कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मात्र 22 गेंदों में 3 चौके और 5 छक्कों की मदद से 50 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
वहीं हितेश ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 18 गेंदों में 10 छक्कों की मदद से नाबाद 76 रन बनाए, जिससे विपक्षी गेंदबाज पूरी तरह दबाव में आ गए। अन्य बल्लेबाजों ने भी तेजी से रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी एलआईसी टीम की शुरुआत अच्छी रही, लेकिन टीम 141 रन पर सिमट गई। एलआईसी की ओर से सत्यम भारद्वाज ने 36 गेंदों में 70 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 4 छक्के शामिल थे। राहुल कुमार ने भी 27 गेंदों में 51 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
डीएम 11 की घातक गेंदबाजी के सामने एलआईसी टीम टिक नहीं सकी और पूरी टीम निर्धारित लक्ष्य से काफी दूर रह गई। इस जीत के साथ डीएम 11 ने टूर्नामेंट में अपना दबदबा और मजबूत कर लिया है।













