


भागलपुर : लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर भागलपुर में मां आनंदी संस्था द्वारा बरारी पुल घाट के समीप छठ व्रतियों के बीच पूजन सामग्री वितरण का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में छठ व्रती एवं संस्था के सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत संस्था के सदस्यों द्वारा छठ व्रतियों को सुहाग के प्रतीक सिंदूर लगाकर उनके स्वस्थ, दीर्घायु एवं मंगलमय जीवन की कामना के साथ की गई। इसके बाद संस्था की महिलाओं एवं व्रतियों ने गंगा घाट पर पारंपरिक छठ गीत गाए, जिससे पूरा घाट भक्ति भाव से गुंजायमान हो उठा।
तत्पश्चात व्रतियों के बीच छठ पूजा में उपयोग होने वाली आवश्यक सामग्री जैसे सूप, नारियल, केला, कद्दू, घी, गुड़, साड़ी सहित अन्य पूजन सामग्रियों का वितरण किया गया। इस पहल से व्रतियों में खासा उत्साह देखा गया और संस्था के इस प्रयास की सराहना की गई।
मौके पर संस्था की संस्थापिका प्रिया सोनी ने कहा कि छठ पूजा में डूबते सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा हमें जीवन की गहरी सीख देती है। यह हमें सिखाती है कि जीवन के हर पल—चाहे वह सुख का हो या दुख का—सम्मान करना चाहिए। असफलता से घबराना नहीं चाहिए, क्योंकि हर अंधेरे के बाद उजाला अवश्य आता है। उन्होंने कहा कि यह पर्व धैर्य, विनम्रता और संतुलन बनाए रखने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम के दौरान संस्था के कई सदस्य एवं बड़ी संख्या में छठ व्रती मौजूद रहे और सभी ने इस आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।













