


प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित भागलपुर दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। गोराडीह थाना क्षेत्र में आयोजित होने वाले कार्यक्रम से पहले सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को एसपी अतुलेश पांडे ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन से जुड़े इंतजामों की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने कार्यक्रम स्थल के प्रवेश और निकास मार्ग, वीआईपी मूवमेंट, बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था, ट्रैफिक प्लान और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अधिकारियों को संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, बैरिकेडिंग की मजबूती और सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही कार्यक्रम में आने वाले लोगों की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।
एसपी अतुलेश पांडे ने बताया कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं। कार्यक्रम के दौरान पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहेगा और सुरक्षा के हर पहलू पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने का निर्देश दिया।
प्रशासन का कहना है कि कार्यक्रम को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि मुख्यमंत्री का दौरा बिना किसी व्यवधान के सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

















