5
(5)

विवाहिता की संदिग्ध मौत के बाद मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप, पुलिस जांच जारी

नवगछिया। इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के कमलाकुंड गांव में विवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पति और सास को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की जानकारी नवगछिया एसडीपीओ अनिकेत अमर ने प्रेस वार्ता के दौरान दी।

बताया गया कि 26 मई को कमलाकुंड गांव निवासी अंशु कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष ने पति समेत ससुराल के कई लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाते हुए इस्माइलपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

मृतका की मां चिंता देवी ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उनकी पुत्री अंशु कुमारी की शादी करीब दो वर्ष पूर्व कमलाकुंड गांव निवासी प्रभाष यादव के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। विवाह के समय चार लाख रुपये नकद, डेढ़ भर सोना तथा लगभग एक से डेढ़ लाख रुपये मूल्य का घरेलू सामान दहेज के रूप में दिया गया था। इसके बावजूद शादी के बाद से ही बेटी को लगातार प्रताड़ित किया जाता था।

मां का आरोप है कि घटना वाले दिन दोपहर करीब एक बजे अंशु कुमारी ने फोन कर बताया था कि उसके साथ मारपीट की जा रही है। उन्होंने बेटी को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लगभग एक घंटे बाद ससुराल पक्ष की ओर से उसकी मौत की सूचना मिली।

मायके पक्ष ने पति प्रभाष यादव, कथित प्रेमिका काजल देवी, देवर अभिनंदन यादव, कारगिल यादव, ससुर वाल्मीकि यादव, सास बुलबुल देवी, अजय यादव, विवाह देवी तथा ननद सहित कई लोगों पर हत्या में संलिप्त होने का आरोप लगाया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए इस्माइलपुर थाना पुलिस ने कांड दर्ज कर जांच शुरू की। अनुसंधान के दौरान पुलिस ने मृतका के पति प्रभाष यादव तथा उसकी मां बुलबुल देवी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपितों को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

एसडीपीओ अनिकेत अमर ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। यदि जांच में अन्य आरोपितों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि महिला उत्पीड़न एवं दहेज हत्या जैसे मामलों में पुलिस पूरी गंभीरता से कार्रवाई कर रही है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

मौके पर इस्माइलपुर थानाध्यक्ष अजित कुमार एवं अनुसंधानकर्ता धीरेंद्र कुमार सहित पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 5

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: