


पुलिस की लगातार कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप, तीन मामलों में चार आरोपी पहुंचे सलाखों के पीछे
नवगछिया । जिले में अपराधियों और फरार वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। इस्माईलपुर थाना क्षेत्र के चर्चित लूटकांड में संलिप्त एक फरार अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है। वहीं विभिन्न न्यायालयों से जारी वारंट के आधार पर तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
लूटकांड में फरार आरोपी गिरफ्तार
जानकारी के अनुसार 11 जुलाई 2024 को इस्माईलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत विक्रमशिला पहुँच पथ स्थित साहू पेट्रोल पंप के समीप शादी समारोह से लौट रहे मिथलेश कुमार तिवारी से दो अज्ञात अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर मोबाइल फोन, नगद राशि एवं अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज लूट लिए थे। घटना को लेकर इस्माईलपुर थाना कांड संख्या 56/24 दर्ज किया गया था।
मामले के अनुसंधान के दौरान पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में 31 मई 2026 को इस्माईलपुर थाना पुलिस ने छापेमारी कर कांड में संलिप्त फरार आरोपी छोटू यादव (पिता– बिट्टू यादव), निवासी जगतपुर, थाना परबत्ता को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों को पूर्व में ही गिरफ्तार किया जा चुका है। उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन भी बरामद किया गया था। अब मुख्य फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
वारंटी गिरफ्तार
न्यायालय एडीजे-01, नवगछिया द्वारा जारी एसटी नंबर 71/06 के वारंटी विसो यादव (पिता– दिनेश यादव), निवासी सहोड़ा, थाना रंगरा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
कुर्की वारंटी भी दबोचा गया
इसी प्रकार न्यायालय एडीजे-11, नवगछिया के एसटी नंबर 27/22 के कुर्की वारंटी मिथुन यादव (पिता– भोला यादव), निवासी बिहपुर थाना क्षेत्र को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
एक अन्य वारंटी भी धराया
पुलिस ने न्यायालय एडीएसजे-03, नवगछिया द्वारा जारी एसटी नंबर 1303ए/10 के वारंटी मुकेश दास (पिता– मंगल उर्फ मांगन दास), निवासी छोटी परबत्ता, थाना इस्माईलपुर को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में फरार अपराधियों, वारंटियों एवं कुर्की वारंट वाले अभियुक्तों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून से बचने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।














