
एसपी वैभव शर्मा के नेतृत्व में प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में किया गया भ्रमण, लोगों से शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील
नवगछिया, 5 नवंबर। आगामी दीपावली, काली पूजा एवं लोक आस्था के महापर्व छठ को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने तथा सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से गुरुवार को नवगछिया पुलिस की ओर से फ्लैग मार्च निकाला गया। पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा के नेतृत्व में निकाले गए इस फ्लैग मार्च में पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण किया।

फ्लैग मार्च में सहायक पुलिस अधीक्षक नवगछिया, अंचल पुलिस निरीक्षक सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल के जवान शामिल हुए। इस दौरान पुलिस बल की सक्रिय मौजूदगी के माध्यम से आम नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया।
शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस पदाधिकारियों ने आम लोगों को पर्व-त्योहार आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ मनाने का संदेश दिया। साथ ही क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने की अपील की गई।
पुलिस प्रशासन की ओर से पर्वों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बरती जा रही है, ताकि सभी त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सकें।















