


डीआरयूसीसी बैठक में नवगछिया के रेल विकास की गूंज, स्टेशन आधुनिकीकरण से लेकर नई सुविधाओं और ट्रेनों के ठहराव की उठी मांग
नवगछिया: पूर्व मध्य रेलवे के सोनपुर मंडल की डिविजनल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (डीआरयूसीसी) की बैठक में नवगछिया अनुमंडल एवं आसपास के क्षेत्रों के रेल यात्रियों की समस्याओं तथा रेलवे विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। समिति सदस्य कुमार मिलन सागर ने यात्रियों की सुविधा, रेलवे अवसंरचना के विकास और विभिन्न स्टेशनों के आधुनिकीकरण से संबंधित मांगों को विस्तार से रखते हुए शीघ्र कार्रवाई की आवश्यकता पर बल दिया।

बैठक में उन्होंने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत नवगछिया रेलवे स्टेशन के लिए स्वीकृत विकास कार्य लंबे समय से रुके हुए हैं। इन कार्यों को जल्द शुरू कर स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाना चाहिए। उन्होंने स्टेशन पर यात्रियों के लिए निःशुल्क वाटर एटीएम, एस्केलेटर, लिफ्ट तथा अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।
उन्होंने नवगछिया रेलवे स्टेशन के पश्चिमी रेलवे ढाला पर अंडरपास निर्माण तथा पूर्वी रेलवे ढाला को पुनः चालू कराने का भी मुद्दा उठाया। उनका कहना था कि इन दोनों कार्यों के पूरा होने से स्थानीय लोगों की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा और आवागमन अधिक सुरक्षित एवं सुगम बन सकेगा।
बैठक में कटारिया, खरीक एवं नारायणपुर रेलवे स्टेशनों के उच्चीकरण की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। कुमार मिलन सागर ने कहा कि इन स्टेशनों पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री आते-जाते हैं, लेकिन बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। उन्होंने विशेष रूप से नारायणपुर रेलवे स्टेशन पर यात्री शेड, शुद्ध पेयजल, स्वच्छ शौचालय और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की।
रेल सेवाओं के विस्तार को लेकर उन्होंने जमालपुर–महेशकुंट मेमू ट्रेन का विस्तार नवगछिया तक करने, भागलपुर–कटिहार एक्सप्रेस का नियमित संचालन सुनिश्चित करने तथा उसके समय में यात्रियों की सुविधा के अनुरूप आवश्यक बदलाव करने का प्रस्ताव रखा। उनका कहना था कि इन मांगों के पूरा होने से प्रतिदिन यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
बैठक में नवगछिया रेलवे स्टेशन के नाम के साथ “सती बिहुला” जोड़ने तथा स्टेशन परिसर को बिहार की प्रसिद्ध मंजूषा कला से सजाने का भी प्रस्ताव रखा गया। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी तथा पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
इसके अलावा नवगछिया रेलवे स्टेशन पर सात महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव तथा कटारिया, बिहपुर और नारायणपुर रेलवे स्टेशनों पर प्रमुख मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग भी समिति के समक्ष रखी गई। उन्होंने कहा कि इन स्टेशनों पर ट्रेनों का ठहराव बढ़ने से स्थानीय यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी और क्षेत्र के व्यापार तथा आवागमन को भी गति मिलेगी।
बैठक के उपरांत कुमार मिलन सागर ने इन सभी मांगों की प्रतिलिपि भागलपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद अजय कुमार मंडल तथा पूर्व मध्य रेलवे, हाजीपुर के महाप्रबंधक को भी सौंपते हुए शीघ्र कार्रवाई का आग्रह किया।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सांसद अजय कुमार मंडल रेल यात्रियों की जनहित से जुड़ी इन मांगों को रेल मंत्रालय और संबंधित अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाएंगे, ताकि नवगछिया अनुमंडल सहित पूरे क्षेत्र में रेल सुविधाओं का विस्तार हो और यात्रियों को बेहतर एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
















