


छात्र-छात्राओं को सुरक्षित डिजिटल जीवन का दिया गया संदेश
नवगछिया पुलिस जिला के तत्वावधान में बुधवार को बाल भारती विद्यालय के सभागार में महिला सुरक्षा एवं साइबर सुरक्षा विषय पर जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा आत्म-सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना था। शिविर में विद्यालय के कक्षा नौ एवं दस के 100 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक (आईपीएस) वैभव शर्मा, साइबर शाखा के डीएसपी अभिषेक कुमार, टाउन थाना की पुलिस इंस्पेक्टर नीलू कुमारी तथा सब इंस्पेक्टर अनुराधा कुमारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष पवन कुमार सर्राफ ने अतिथियों का स्वागत कर किया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि पुलिस अधिकारियों द्वारा दी गई महत्वपूर्ण जानकारियों को अपने दैनिक जीवन में अपनाएं तथा अपने परिवार और मित्रों को भी इसके प्रति जागरूक करें।

पुलिस इंस्पेक्टर नीलू कुमारी एवं सब इंस्पेक्टर अनुराधा कुमारी ने छात्र-छात्राओं, विशेषकर छात्राओं को महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने ‘गुड टच’ और ‘बैड टच’ की पहचान, आत्म-सुरक्षा के उपाय, किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या उत्पीड़न की स्थिति में तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना देने तथा हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करने के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही सुरक्षा का सबसे प्रभावी माध्यम है।
साइबर डीएसपी अभिषेक कुमार ने साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को ऑनलाइन सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने फर्जी कॉल, केवाईसी अपडेट के नाम पर होने वाली ठगी, ओटीपी साझा करने के खतरे, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, मजबूत पासवर्ड बनाने तथा किसी भी संदिग्ध लिंक या संदेश से बचने के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा के साथ-साथ डिजिटल जागरूकता और आत्म-सुरक्षा की जानकारी भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनने, कानून का सम्मान करने तथा सोशल मीडिया का सकारात्मक उपयोग करने की प्रेरणा दी। इस दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों का सरल और प्रेरक ढंग से उत्तर भी दिया।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के प्रशासक डी.पी. सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन विद्यालय के प्राचार्य नवनीत सिंह ने प्रस्तुत किया। उन्होंने नवगछिया पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और सुरक्षित भविष्य के लिए अत्यंत उपयोगी हैं।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष अजय कुमार रुंगटा, संयुक्त सचिव प्रवीण कुमार केजरीवाल, शिक्षक वागीश झा, निशिष कुमार, पुरुषोत्तम कुमार सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने महिला सुरक्षा एवं साइबर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपनी जिज्ञासाएं साझा कीं, जिनका पुलिस अधिकारियों ने विस्तार से समाधान किया। जागरूकता शिविर ने विद्यार्थियों में सुरक्षा के प्रति नई सोच विकसित करने के साथ उन्हें डिजिटल दुनिया में सतर्क और जिम्मेदार बनने का महत्वपूर्ण संदेश दिया।
















