


नवगछिया । प्रखंड संसाधन केंद्र (बीआरसी) गोपालपुर में बुधवार को प्रखंड के सभी सरकारी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों एवं प्रधान शिक्षकों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी कुंदन कुमार ने की। बैठक में विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने, शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा, प्रधानमंत्री पोषण (पीएम पोषण) योजना के प्रभावी संचालन, छात्र-छात्राओं की नियमित उपस्थिति तथा विभिन्न विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी ने सभी विद्यालय प्रधानों को शिक्षा विभाग के निर्देशों का समयबद्ध एवं गंभीरतापूर्वक अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए शिक्षकों को नियमित रूप से शैक्षणिक गतिविधियों का संचालन करते हुए विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता में निरंतर सुधार लाने का प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने विद्यालयों में संचालित प्रधानमंत्री पोषण योजना के तहत बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया। साथ ही विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, विद्यालय परिसर की स्वच्छता बनाए रखने, अभिलेखों को अद्यतन रखने तथा लंबित कार्यों का शीघ्र निष्पादन करने के निर्देश दिए।
बैठक में अधिकारियों ने कहा कि विद्यालयों की नियमित मॉनिटरिंग, अनुशासन और जवाबदेही से शैक्षणिक वातावरण में सकारात्मक परिवर्तन आएगा। उन्होंने सभी प्रधानाध्यापकों से विद्यालयों में नवाचारी शिक्षण पद्धतियों को अपनाने तथा बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं रुचिकर शिक्षा उपलब्ध कराने का भी आह्वान किया।
बैठक में शिक्षक अनिल कुमार अनल, अमन कुमार, रुपेश कुमार सिंह, योगेश कुमार, अनिल कुमार, आरती कुमारी, लीना कुमारी एवं जय कुमार सहित प्रखंड के सभी प्रधानाध्यापक एवं प्रधान शिक्षक उपस्थित रहे। बैठक के अंत में विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने तथा विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी शिक्षकों से समन्वय एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपील की गई।
















