


भागलपुर। जगदीशपुर थाना क्षेत्र में दुमका-भागलपुर मुख्य मार्ग पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि परिजनों के बीच कोहराम छा गया। मृतक की पहचान बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र अंतर्गत धनसार गांव निवासी विजय यादव के पुत्र सूरज कुमार यादव के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सूरज कुमार यादव किसी घरेलू कार्य से रजौन से जगदीशपुर की ओर ऑटो से जा रहा था। इसी दौरान जगदीशपुर थाना क्षेत्र स्थित शराब फैक्ट्री के समीप तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सूरज गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल किशोर को तत्काल इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, जगदीशपुर पहुंचाया। हालांकि अस्पताल ले जाने के दौरान ही उसकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे। बेटे का शव देखते ही पिता विजय यादव और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। बताया जा रहा है कि सूरज अपने परिवार में दो भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था। उसकी असमय मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने प्रशासन से दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में यातायात नियंत्रण और सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है।
इधर घटना की जानकारी मिलते ही जगदीशपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी रजौन थाना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही दुर्घटना में शामिल ट्रक और उसके चालक की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस दर्दनाक हादसे के बाद धनसार गांव में शोक का माहौल है और ग्रामीण मृतक परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।
















