


नवगछिया । गोपालपुर थाना क्षेत्र के बड़ी मकन्दपुर गांव में एक विवाहिता ने अपने पति पर दूसरी शादी करने, मारपीट करने तथा देशी कट्टा दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने मामले में गोपालपुर थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार बड़ी मकन्दपुर निवासी 19 वर्षीय गुंजा देवी ने थाना में दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि उसके पति राहुल कुमार हरिजन ने लगभग 20 दिन पूर्व दूसरी शादी कर ली है। पीड़िता का कहना है कि दूसरी शादी के बाद भी पति लगातार उसे प्रताड़ित कर रहा है।
महिला ने आरोप लगाया कि 20 मई को उसका पति उसके पास पहुंचा और कमर से देशी कट्टा निकालकर जान से मारने की धमकी दी। विरोध करने पर उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की गई तथा बाल पकड़कर उसे प्रताड़ित किया गया।
पीड़िता का दावा है कि उसने आरोपी द्वारा कट्टा दिखाने की तस्वीर अपने मोबाइल फोन में कैद कर ली है। साथ ही बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी उसके पास सुरक्षित है, जिसे उसने पुलिस को उपलब्ध कराने की बात कही है।
महिला ने बताया कि मामले को पंचायत स्तर पर सुलझाने का प्रयास किया गया था, लेकिन कोई समाधान नहीं निकलने पर उसे पुलिस की शरण लेनी पड़ी। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपी लगातार उसे तथा जिस व्यक्ति के यहां वह रह रही है, उसे भी धमकियां दे रहा है।
इधर गोपालपुर थाना प्रभारी मिथिलेश कुमार ने बताया कि महिला का आवेदन प्राप्त हुआ है। आवेदन के साथ उपलब्ध कराए गए फोटो, रिकॉर्डिंग एवं अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच निष्पक्ष तरीके से की जाएगी और दोषी पाए जाने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।













