


भागलपुर। नाथनगर प्रखंड क्षेत्र के फतेहपुर मुरारपुर गांव में अचानक आग लगने से दो परिवारों के घर जलकर राख हो गए। अगलगी की इस घटना में घर में रखा अनाज, कपड़ा एवं अन्य घरेलू सामान नष्ट हो गया, जिससे पीड़ित परिवारों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
जानकारी के अनुसार आग की चपेट में आने से उपेंद्र मंडल एवं जनार्दन मंडल का घर पूरी तरह जल गया। आग लगते ही गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
स्थानीय लोगों ने बाल्टी एवं अन्य उपलब्ध संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक दोनों परिवारों के घरों में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था।
अगलगी की घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि आग से दोनों परिवारों को हजारों रुपये की क्षति होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा एवं राहत सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। वहीं आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन द्वारा मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।
















