5
(1)

चापर मोड़ के पास बारिश के दौरान हुआ हादसा, मायागंज अस्पताल में चल रहा गंभीर बच्चे का इलाज

नवगछिया । रंगरा थाना क्षेत्र के एनएच-31 के समीप चापर मोड़ के पास बुधवार दोपहर बारिश के दौरान गड्ढे में जमा पानी में नहाना चार नाबालिग बच्चों को भारी पड़ गया। गहरे पानी में डूबने से चापर निवासी सुधीर सहनी के नौ वर्षीय पुत्र शन्नी कुमार की मौत हो गई, जबकि उसे बचाने के प्रयास में डूबे प्रिंस कुमार की स्थिति गंभीर बनी हुई है। प्रिंस का इलाज भागलपुर के मायागंज अस्पताल में चल रहा है। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया और गांव में मातम का माहौल है।

स्थानीय लोगों के अनुसार चारों बच्चे घर से चुपचाप निकलकर चापर मोड़ के पास गड्ढे में बारिश से जमा पानी में नहा रहे थे। इसी दौरान शन्नी कुमार का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। उसे डूबता देख प्रिंस कुमार उसे बचाने के लिए पानी में गया, लेकिन वह भी गहरे पानी में डूब गया। इस दौरान एक अन्य बच्चे ने किसी तरह वहां से दौड़कर घटना की जानकारी परिजनों और आसपास के लोगों को दी। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और गोताखोरों की मदद से दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया।

काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया। हालांकि शन्नी को बाहर निकालने तक उसकी मौत हो चुकी थी। वहीं प्रिंस को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला गया। परिजन उसे तत्काल रंगरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया। अस्पताल में उसका इलाज जारी है।

बताया गया कि दोनों बच्चों के पिता मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। शन्नी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आसपास के लोग भी घटना से मर्माहत हैं। बारिश के दौरान गड्ढों में जमा पानी में बच्चों के नहाने के कारण हुई इस घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है।

घटना की सूचना मिलने पर रंगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने मृतक बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल, नवगछिया भेज दिया। रंगरा थानाध्यक्ष विश्वबंधु ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: