


नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत परबत्ता थाना क्षेत्र के महादेवपुर गंगा घाट पर स्नान के दौरान डूबे किशोर समेत दो व्यक्तियों का शव घटना के करीब 40 घंटे बाद तीसरे दिन शुक्रवार सुबह बरामद किया गया। दोनों के शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम गंगा घाट पर स्नान के दौरान पैर फिसल जाने से अररिया और सहरसा के रहने वाले दो लोग गहरे पानी में चले गए थे और डूब गए। घटना के बाद से ही परबत्ता थाना पुलिस, एसडीआरएफ टीम और स्थानीय गोताखोर लगातार शव की तलाश में जुटे हुए थे। शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे दोनों शव महादेवपुर गंगा घाट से कुछ दूरी पर बरामद किए गए। मृतकों की पहचान सहरसा जिले के सौरबाजार थाना क्षेत्र के बैजनाथपुर निवासी 16 वर्षीय प्रतीक राज, पिता सुभाष यादव, तथा अररिया जिले के भार्गवा थाना क्षेत्र के खजूरी हाट निवासी 30 वर्षीय ललन मंडल, पिता आनंद मंडल के रूप में हुई है। बताया गया कि करीब 40 घंटे तक पानी में रहने के कारण दोनों शव फूल चुके थे और उनसे तेज दुर्गंध आ रही थी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेज दिया है। घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं स्थानीय प्रशासन ने लोगों से नदी में स्नान के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।














