5
(5)

पोखरिया चौक पर अपराधियों ने बरसाईं ताबड़तोड़ गोलियां, रंगदारी नहीं देने पर हत्या का आरोप; पुलिस जांच में जुटी

नवगछिया पुलिस जिला के गोपालपुर थाना क्षेत्र के पोखरिया चौक पर बुधवार देर रात लगभग 9:30 बजे अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। बाइक से घर लौट रहे युवक पर घात लगाकर बैठे बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही गोपालपुर थाना पुलिस के साथ नवगछिया के पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा और एसडीपीओ अनिकेत अमर घटनास्थल पर पहुंचे तथा मामले की गहन जांच शुरू कर दी।

मृतक की पहचान पोखरिया निवासी श्याम शाह (₹पिता- गीरो साह, उम्र 40 वर्ष के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि श्याम शाह रविवार की शाम अपने कार्यस्थल से काम समाप्त कर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। रात करीब साढ़े नौ बजे जैसे ही वह पोखरिया चौक के समीप पहुंचे, पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अपराधियों ने बेहद करीब से कई राउंड फायरिंग की। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े, लेकिन तब तक अपराधी फरार हो चुके थे। सड़क पर खून से लथपथ पड़े श्याम शाह को देखकर लोगों ने तत्काल परिजनों और पुलिस को सूचना दी। हालांकि तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

घटना की खबर मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। शव को देखते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी उषा देवी बार-बार बेहोश हो रही थीं और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। श्याम शाह अपने पीछे पत्नी और दो पुत्रों को छोड़ गए हैं। बड़ा पुत्र राजकुमार स्कूल में नवमी कक्षा में पढ़ाई कर रहा है, जबकि छोटा पुत्र राहुल कुमार पांचवीं कक्षा का छात्र है। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी पूरी तरह श्याम शाह के कंधों पर थी। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

घटना के बाद मृतक की पत्नी उषा देवी ने हत्या के पीछे रंगदारी की वजह बताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि करीब तीन दिन पहले पीयूष यादव नामक व्यक्ति ने उनके पति से पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। रंगदारी की रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। उषा देवी ने पीयूष यादव के अलावा सुधांशु कुमार और गुलबिया नामक युवक पर भी हत्या की साजिश और घटना में संलिप्त होने का आरोप लगाया है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए गोपालपुर थाना अध्यक्ष मिथिलेश कुमार पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। कुछ ही देर बाद नवगछिया एसपी वैभव शर्मा एवं एसडीपीओ अनिकेत अमर ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की कमान संभाली। पुलिस ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं तथा आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

इस संबंध में नवगछिया एसडीपीओ अनिकेत अमर ने बताया कि मामले में हर पहलू से जांच किया जा रहा है जल्द ही मामले का उद्वेदन कर दिया जाएगा ।

मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधिकारियों ने बताया कि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों को गंभीरता से लिया गया है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी गई है। तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ आपराधिक पृष्ठभूमि और रंगदारी के एंगल पर भी अनुसंधान किया जा रहा है।

इस हत्या की घटना ने पूरे गोपालपुर और आसपास के क्षेत्रों में सनसनी फैला दी है। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है। लोगों ने अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है। वहीं पुलिस का दावा है कि मामले का जल्द खुलासा कर दोषियों को कानून के कठघरे तक पहुंचाया जाएगा।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 5

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: