


नवगछिया । विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर नवगछिया में बुधवार को स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत के प्रति जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। मारवाड़ी युवा मंच, नवगछिया शाखा एवं बाल भारती विद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस रैली में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षकों और गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।
रैली का शुभारंभ गौशाला रोड स्थित बाल भारती विद्यालय परिसर से किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन बाल भारती विद्यालय के उपाध्यक्ष अजय कुमार रूंगटा, विद्यालय के सचिव अभय प्रकाश मुनका, मारवाड़ी युवा मंच के शाखा अध्यक्ष चेतन कुमार मुनका, संरक्षक नरेश केडिया, प्रवीण केजरीवाल एवं पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष सुभाष चंद्र वर्मा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
इस अवसर पर बाल भारती विद्यालय के उपाध्यक्ष अजय कुमार रूंगटा ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में साइकिल केवल एक परिवहन साधन नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली का प्रतीक बन चुकी है। नियमित साइकिल चलाने से शरीर स्वस्थ रहता है, हृदय रोगों का खतरा कम होता है तथा व्यक्ति शारीरिक और मानसिक रूप से अधिक सक्रिय रहता है। उन्होंने कहा कि बच्चों और युवाओं को मोबाइल और डिजिटल दुनिया से बाहर निकलकर खेलकूद एवं साइकिलिंग जैसी गतिविधियों से जुड़ना चाहिए।
विद्यालय के सचिव अभय प्रकाश मुनका ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण पूरी मानवता के सामने सबसे बड़ी चुनौती बनकर उभरा है। बढ़ते प्रदूषण, ग्लोबल वार्मिंग और ईंधन संकट के बीच साइकिल सबसे सस्ता, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल साधन है। उन्होंने कहा कि यदि लोग छोटी दूरी की यात्राओं के लिए साइकिल का उपयोग शुरू कर दें तो प्रदूषण में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है और स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है।
मारवाड़ी युवा मंच के संरक्षक नरेश केडिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भी समय-समय पर ईंधन की खपत कम करने और वैकल्पिक साधनों को अपनाने की अपील की जाती रही है। छोटी दूरी की यात्रा के लिए साइकिल का उपयोग न केवल पेट्रोल-डीजल की बचत करेगा बल्कि विदेशी मुद्रा की भी रक्षा करेगा।
पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष सुभाष चंद्र वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि “जिंदगी और साइकिल दोनों में चैन का होना जरूरी है।” उन्होंने कहा कि साइकिल अनुशासन, संतुलन और निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। यह केवल स्वास्थ्य ही नहीं बल्कि सकारात्मक जीवन दृष्टिकोण का भी प्रतीक है।
शाखा अध्यक्ष चेतन कुमार मुनका ने कहा कि विश्व साइकिल दिवस का उद्देश्य लोगों को साइकिल के महत्व से जोड़ना है। साइकिल का नियमित उपयोग मोटापा, मधुमेह, हृदय रोग एवं तनाव जैसी समस्याओं को कम करने में सहायक है। साथ ही यह पर्यावरण संरक्षण और कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने का सबसे प्रभावी माध्यम है।
“युवा शक्ति-राष्ट्र शक्ति”, “तेल बचाओ-साइकिल अपनाओ” और “स्वस्थ शरीर-स्वस्थ भारत” जैसे नारों के साथ निकली रैली बाल भारती विद्यालय से प्रारंभ होकर महाराज जी चौक, हरियापट्टी, भगत मोहल्ला, नवगछिया स्टेशन परिसर, मालगोदाम, मारवाड़ी विवाह भवन, गरीबदास ठाकुरबाड़ी रोड सहित नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः विद्यालय परिसर पहुंची। रैली के दौरान लोगों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभागियों का स्वागत किया तथा साइकिल उपयोग को बढ़ावा देने की अपील का समर्थन किया।
रैली के समापन पर सभी प्रतिभागियों के बीच ठंडा पानी, जूस एवं बिस्किट का वितरण किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने स्वस्थ समाज, स्वच्छ पर्यावरण और हरित भविष्य के निर्माण के लिए नियमित रूप से साइकिल उपयोग करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में बाल भारती विद्यालय के संजय चिरानियां, पुरुषोत्तम कुमार , मंच के उपाध्यक्ष सौरभ गर्ग, उपकोषाध्यक्ष ओम यादुका, वरिष्ठ सदस्य गोविंद केडिया, कमल टिबड़ेवाल, संदीप चिरानियां, आनंद केडिया, पंकज टिबड़ेवाल, शंभू चिरानियां, विक्की केडिया, समाजसेवी डॉ. बी.एल. चौधरी, राजेश कनोडिया, प्रो. विजय कुमार, भगवती पंसारी, कमलेश अग्रवाल, डॉ. आनंद विक्रम सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षकों एवं मंच के सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
अंत में आयोजकों ने आमजन से अपील की कि वे छोटी दूरी की यात्रा के लिए साइकिल को प्राथमिकता दें, ताकि स्वस्थ जीवन, स्वच्छ पर्यावरण और ऊर्जा संरक्षण के राष्ट्रीय अभियान को नई मजबूती मिल सके।













