5
(3)

बरारी-महादेवपुर घाट के बीच जिला प्रशासन ने जारी की सख्त चेतावनी, अफवाहों से बचने की अपील

भागलपुर । मुख्यमंत्री के निर्देश के आलोक में भागलपुर जिला प्रशासन द्वारा बरारी घाट से महादेवपुर घाट तथा महादेवपुर घाट से बरारी घाट के बीच यात्रियों और दोपहिया वाहनों के लिए निःशुल्क नाव सेवा संचालित की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नाव से यात्रा करने वाले किसी भी यात्री या मोटरसाइकिल चालक से किसी प्रकार का किराया नहीं लिया जाएगा।

जिला प्रशासन के अनुसार नाव परिचालन में लगे पंजीकृत नाविकों को प्रति यात्री एवं दोपहिया वाहन के लिए निर्धारित राशि सीधे उनके बैंक खातों में उपलब्ध कराई जा रही है। ऐसे में यात्रियों से किसी भी प्रकार की वसूली पूरी तरह अवैध मानी जाएगी।

प्रशासन ने कहा है कि यदि कोई नाविक यात्रियों से किराया मांगता है या जबरन वसूली करता है, तो इसकी तत्काल शिकायत बरारी घाट स्थित नियंत्रण कक्ष में की जानी चाहिए। शिकायत प्राप्त होने पर संबंधित नाविक के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान किसी भी नाविक को नकद राशि न दें और किसी भी प्रकार की अनियमितता की सूचना तुरंत अधिकारियों को उपलब्ध कराएं।

जिला प्रशासन ने यह भी बताया कि केवल पंजीकृत एवं सुरक्षा मानकों पर खरे उतरने वाले नावों का ही परिचालन किया जा रहा है। जिन नावों का निर्माण सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं है अथवा जिनका पंजीकरण नहीं कराया गया है, उन्हें संचालन की अनुमति नहीं दी गई है। यदि कोई अपंजीकृत नाव चोरी-छिपे परिचालन करते हुए पाई जाती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे भ्रामक एवं आधारहीन दावों को लेकर भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। अधिकारियों का कहना है कि कुछ लोग अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की लोकप्रियता बढ़ाने के लिए तथ्यहीन और मनगढ़ंत सूचनाएं प्रसारित कर रहे हैं, जिससे भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। ऐसे मामलों पर जिला प्रशासन लगातार निगरानी रख रहा है।

जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि गंगा पार आवागमन को सुगम, सुरक्षित और पूरी तरह निःशुल्क बनाए रखने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 3

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: