


ग्रामीणों ने चार आरोपियों को पकड़कर की पिटाई, पुलिस जांच में जुटी
भागलपुर । बरारी थाना क्षेत्र में शनिवार को एक महिला ने घर में घुसकर दुष्कर्म के प्रयास का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने मौके से चार आरोपियों को पकड़कर उनकी जमकर पिटाई कर दी। बाद में सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह आरोपियों को लोगों के चंगुल से छुड़ाकर थाना ले गई।

पीड़िता के अनुसार घटना उस समय हुई जब वह घर के बाहर खड़ी थी और उसके दोनों बच्चे घर के अंदर मोबाइल देख रहे थे। महिला का आरोप है कि उसका देवर अपने चार साथियों के साथ वहां पहुंचा और बंद ताला तोड़कर जबरन घर में घुस गया। ताला टूटने की आवाज सुनकर वह घर की ओर दौड़ी, लेकिन तब तक सभी आरोपी अंदर प्रवेश कर चुके थे।
महिला ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। इस दौरान एक आरोपी ने उसका हाथ पकड़कर कमरे में ले जाने का प्रयास किया तथा उसके कपड़े खींचते हुए दुष्कर्म करने की कोशिश की। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग जुट गए, जिसके बाद आरोपी भागने लगे। ग्रामीणों ने पीछा कर चार लोगों को पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी।

पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2021 में सुमित मंडल के साथ हुई थी। उसका आरोप है कि शादी के बाद पति अक्सर अपनी मां के कहने पर उससे विवाद करता था। करीब पांच माह पूर्व पति सहित ससुराल पक्ष के अन्य लोग घर छोड़कर चले गए। महिला मूल रूप से खगड़िया जिले की रहने वाली है। घटना की जानकारी मिलने पर उसके पिता राजू मंडल भी मौके पर पहुंचे।
महिला ने बताया कि उसका पति पिछले लगभग तीन वर्षों से उसके साथ नहीं रह रहा है। उसने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे और उसके बच्चों को अपनाने से इनकार कर दिया है। महिला का कहना है कि वह बीते 5 फरवरी से उक्त घर में रह रही है और इससे पहले भी आरोपी द्वारा धमकी दी जा चुकी थी।
पीड़िता ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई तथा अपनी सुरक्षा की मांग की है। इधर बरारी थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
















