


परिजनों ने अपहरण की जताई आशंका, थाने में दिया आवेदन
भागलपुर । सबौर थाना क्षेत्र के राजपुर गांव वार्ड संख्या-12 से 13 वर्षीय किशोर के लापता होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने पुलिस से जल्द बच्चे की बरामदगी की मांग की है।
लापता किशोर की पहचान मोनू कुमार (13 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पिंकी देवी और स्वर्गीय भोला पासवान का पुत्र बताया गया है। परिजनों के अनुसार गांव के ही सुशील पासवान और उसका पुत्र विक्की कुमार ने कथित रूप से मोनू को घर के पास स्थित बगीचे में ले जाकर नशीला पदार्थ खिलाया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की।

बताया गया कि बगीचे से शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद दोनों आरोपी वहां से फरार हो गए। घटना के बाद मोनू कुमार घर वापस नहीं लौटा। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका अब तक कोई पता नहीं चल सका है।
मोनू की मां पिंकी देवी ने बताया कि उन्हें आशंका है कि दोनों नामजद लोगों ने उनके पुत्र का अपहरण कर लिया है। उन्होंने इस संबंध में सबौर थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।

परिजनों ने आरोप लगाया कि इलाके में नशे का कारोबार तेजी से फैल रहा है, जिसकी वजह से छोटे-छोटे बच्चे भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि गांव में चोरी और आपराधिक घटनाएं भी बढ़ रही हैं, लेकिन नशे के खिलाफ कोई आवाज उठाने की हिम्मत नहीं कर पा रहा है।
इधर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। परिजनों ने प्रशासन से जल्द बच्चे की बरामदगी और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
















