


समय पर एम्बुलेंस नहीं मिलने से मरीज और परिजन परेशान
भागलपुर । भागलपुर सदर अस्पताल में एम्बुलेंस व्यवस्था की बदहाली एक बार फिर सामने आई है। मरीजों और उनके परिजनों को समय पर एम्बुलेंस सुविधा नहीं मिलने से भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल परिसर में पर्याप्त एम्बुलेंस और ड्राइवरों की उपलब्धता नहीं होने से स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

सरकार द्वारा दावा किया जाता है कि 102 नंबर पर कॉल करते ही तत्काल एम्बुलेंस सुविधा उपलब्ध कराई जाती है, लेकिन अस्पताल पहुंचे कई लोगों का आरोप है कि कई बार कॉल करने के बावजूद फोन तक रिसीव नहीं किया जाता। वहीं अस्पताल परिसर में भी एक या दो एम्बुलेंस ही खड़ी नजर आती हैं और उनमें भी ड्राइवर मौजूद नहीं रहते।
अस्पताल के एक कर्मचारी चंद्रेसरी हरि ने बताया कि कई बार ड्राइवर अस्पताल परिसर में मौजूद नहीं रहते। जरूरत पड़ने पर पहले मैनेजर से संपर्क करना पड़ता है, उसके बाद ड्राइवर को खोजकर बुलाया जाता है। ऐसे में मरीजों को समय पर एम्बुलेंस सुविधा नहीं मिल पाती ।

वहीं जानकारी यह भी सामने आई कि कुछ ड्राइवर एम्बुलेंस को अस्पताल परिसर में रखने के बजाय अपने घर के पास खड़ा कर देते हैं। इससे आपातकालीन स्थिति में मरीजों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों और मरीजों के परिजनों का कहना है कि अस्पताल की यह व्यवस्था गंभीर चिंता का विषय है। उनका कहना है कि स्वास्थ्य सेवाओं में एम्बुलेंस सबसे महत्वपूर्ण कड़ी होती है, लेकिन यदि जरूरत के समय वही उपलब्ध नहीं हो तो मरीजों की जान जोखिम में पड़ सकती है।
















