


भागलपुर। घोघा थाना क्षेत्र में हुए चर्चित लूटकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने इस कांड में शामिल एक और अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 31 जनवरी 2026 को मिर्जाचौकी-मुंगेर फोरलेन के समीप अपराधियों ने राहुल कुमार को कट्टा दिखाकर मोबाइल फोन एवं अन्य सामान लूट लिया था। घटना के बाद पीड़ित के बयान पर घोघा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई थी।
कांड के उद्भेदन एवं आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया था। तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भादो उर्फ सुनील मंडल को पटना रेलवे स्टेशन स्थित महावीर मंदिर के समीप से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है तथा फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चला रही है। उल्लेखनीय है कि इस मामले में पूर्व में ही सात अपराधियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को लेकर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।













