


पूर्णिया। गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत गायत्री मंदिर, कला भवन परिसर में आयोजित बैठक में गौ संरक्षण, गौ संवर्धन और देशभर में गौहत्या पर कठोर कानून लागू करने की मांग उठाई गई। कार्यक्रम में विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ के पदाधिकारियों ने गौ सेवा एवं जन-जागरूकता अभियान को और व्यापक बनाने का संकल्प लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने कहा कि गौ संरक्षण भारतीय संस्कृति और आस्था से जुड़ा विषय है। उन्होंने बताया कि पूर्व में पूर्णिया के जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर पूरे देश में गौहत्या पर सख्त कानून लागू करने की मांग की गई थी। उन्होंने कहा कि संगठन लगातार गौ सेवा और संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने का कार्य कर रहा है।
सीमांचल अध्यक्ष दिलीप कुमार दीपक ने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और सामाजिक जीवन की आधारशिला हैं। उनके संरक्षण और संवर्धन के लिए समाज के सभी वर्गों को आगे आना होगा। उन्होंने गौ संरक्षण को सामाजिक दायित्व बताते हुए अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में राजस्थान से आईं गौ भक्त साध्वी निष्ठा जी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने गौ सेवा, सनातन संस्कृति और राष्ट्रहित से जुड़े विषयों पर प्रकाश डालते हुए गौ संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की आवश्यकता बताई।
बैठक के दौरान संगठन में महत्वपूर्ण दायित्वों की घोषणा भी की गई। वार्ड संख्या 24 के वार्ड अध्यक्ष नवीन कुमार को पूर्णिया जिला गौ रक्षा प्रमुख नियुक्त किया गया, जबकि रितिक कुमार को वार्ड अध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया। संगठन ने बताया कि दोनों कार्यकर्ताओं की सक्रियता, निष्ठा और समर्पण को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी दी गई है।
इस अवसर पर पूर्णिया जिला अध्यक्ष विजय कुमार सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने गौ संरक्षण और गौ सेवा के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया।















