5
(5)

नवगछिया । भवानीपुर थाना क्षेत्र के नवटोलिया गंगा दियारा में किसानों पर हुई कथित गोलीबारी की घटना के एक सप्ताह बाद भी आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने से किसानों में आक्रोश और भय का माहौल व्याप्त है। किसानों का आरोप है कि मूंग और मकई की फसल को मवेशियों से बचाने का विरोध करने पर दबंगों ने उन पर सात राउंड फायरिंग की थी। घटना को लेकर प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से किसान खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

जानकारी के अनुसार 29 मई को नवटोलिया गंगा दियारा में बड़ी संख्या में मवेशियों को किसानों के खेतों में छोड़ दिया गया था। इससे मूंग और मकई की हरी-भरी फसल को भारी नुकसान पहुंच रहा था। किसानों ने जब इसका विरोध किया और मवेशियों को खेत से भगाने का प्रयास किया, तब कथित रूप से दबंगों ने हथियार के बल पर उन्हें डराने-धमकाने के साथ फायरिंग कर दी। किसानों का आरोप है कि घटना के दौरान सात राउंड गोलियां चलाई गईं, जिसके बाद जान बचाने के लिए सभी किसान खेत छोड़कर भागने को मजबूर हो गए।

घटना के संबंध में नवटोलिया निवासी किसान राजू चौधरी समेत दर्जनों किसानों ने भवानीपुर थाना में आवेदन देकर मामला दर्ज कराया है। प्राथमिकी में नारायणपुर निवासी दीपक कुमार यादव, ढोलकी यादव, प्रकाश यादव, सुक्खा यादव, दुक्खा यादव समेत अन्य लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है।

किसानों का कहना है कि सैकड़ों मवेशियों को जानबूझकर उनकी फसलों में छोड़ दिया जाता है, जबकि मवेशी पालक आसपास छिपकर स्थिति पर नजर रखते हैं। जैसे ही किसान फसल बचाने के लिए मवेशियों को हटाने की कोशिश करते हैं, उन्हें हथियार दिखाकर डराया-धमकाया जाता है। किसानों ने आरोप लगाया कि घटना के बाद भी दबंगों का मनोबल बढ़ा हुआ है और वे लगातार उन्हें केस वापस लेने का दबाव बना रहे हैं।

पीड़ित किसानों राजू चौधरी, संजीव कुमार, राजीव उर्फ बबलू चौधरी, धीरज चौधरी, गोपाल चौधरी समेत अन्य किसानों ने बताया कि आरोपित खुलेआम घोड़े पर सवार होकर गांव में घूमते हैं और हथियार दिखाकर धमकी देते हैं। उनका कहना है कि दबंगों द्वारा कहा जा रहा है कि यदि मुकदमा वापस नहीं लिया गया तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। इससे किसानों और उनके परिवारों में भय का वातावरण बना हुआ है।

किसानों का कहना है कि अब वे अपने खेतों में जाने से भी डर रहे हैं। खेती-किसानी उनका मुख्य जीविकोपार्जन का साधन है, लेकिन लगातार मिल रही धमकियों के कारण वे खेतों की देखभाल नहीं कर पा रहे हैं। इससे फसलों को नुकसान होने की आशंका और बढ़ गई है।

पीड़ित किसानों ने जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपितों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक गांव में भय और असुरक्षा का माहौल बना रहेगा।

इधर, भवानीपुर थानाध्यक्ष शंभु कुमार ने बताया कि किसानों द्वारा धमकी दिए जाने की शिकायत मिली है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मामले में शामिल सभी आरोपितों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा।

घटना के बाद नवटोलिया और आसपास के इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से किसानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा दोषियों के खिलाफ शीघ्र कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 5

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: