


नवगछिया। नवगछिया अनुमंडल के गोपालपुर प्रखंड अंतर्गत गोसाईं गांव पंचायत के गोसाईं गांव में स्थित श्रीकृष्ण मंदिर में श्रीश्री 108 श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव-2026 का आयोजन धूमधाम से किया जा रहा है। मंदिर में प्रतिमा निर्माण का कार्य अंतिम चरण में है और महोत्सव की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव 4 सितंबर को मनाया जाएगा। इस दिन संध्या में पूजन शुरू होगा तथा रात्रि में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। इसके बाद 5 सितंबर को दिनभर मेला लगेगा। संध्या में ग्रामीणों की ओर से भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। 6 सितंबर को भी दिनभर मेला लगेगा तथा संध्या के समय विसर्जन किया जाएगा। ग्रामीण कंधे पर भगवान की प्रतिमा लेकर गंगा तट तक जाएंगे, जहां प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा।
महोत्सव को लेकर मंदिर परिसर और आसपास तैयारियां शुरू हो गई हैं। मेले में झूले, चाट-पकौड़े, आइसक्रीम सहित विभिन्न प्रकार की दर्जनों दुकानें लगनी शुरू हो गई हैं। आयोजन को लेकर ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है।
ग्रामीणों के अनुसार, श्रीकृष्ण लाल के दरबार में श्रद्धालु पुत्र रत्न एवं मनवांछित फल की कामना लेकर पहुंचते हैं। मान्यता है कि भगवान उनकी मनोकामना पूरी करते हैं। मनोकामना पूर्ण होने के बाद श्रद्धालु प्रसन्न होकर भगवान को भोग अर्पित करते हैं।
मंदिर में परंपरा के अनुसार प्रतिमाओं का निर्माण कराया जा रहा है। पिंडी पर भगवान श्रीकृष्ण लाल, माता यशोदा, माता देवकी, भगवान गणेश और वासुदेव की प्रतिमाएं बनाई जाती हैं। ग्रामीणों के अनुसार यह परंपरा कई सौ वर्षों से चली आ रही है और उसी परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।

महोत्सव के दौरान भगवान श्रीकृष्ण को माखन-मिश्री और पतासे का भोग लगाया जाएगा। जन्माष्टमी के अवसर पर पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और अन्य धार्मिक आयोजनों के साथ महोत्सव को भव्य रूप देने की तैयारी की जा रही है।
















