


नवगछिया। जिस घर में शाम को परिवार के साथ बैठकर मछली-भात खाने की तैयारी होनी थी, वहां शराब के नशे में एक दामाद के गुस्से ने देखते ही देखते चीख-पुकार मचा दी। पत्नी को पीटता देख जब मां अपनी बेटी को बचाने दौड़ी तो आरोप है कि दामाद ने सास पर भी हमला कर दिया। मारपीट में सास रेखा देवी के सिर में गंभीर चोट लग गई। सिर फटने के बाद खून बहने लगा। मां को खून से लथपथ देखकर बेटी सुषमा देवी भी बदहवास हो गई। घायल मां-बेटी को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया लाया गया।

घटना परबत्ता थाना क्षेत्र के शंकरपुर गांव की है। आरोप है कि शनिचर कुमार बाजार से मछली खरीदकर घर लाया था। उसने पत्नी सुषमा से मछली बनाने को कहा था। सुषमा के अनुसार, घर में मछली बनाने के लिए जरूरी मसाला नहीं था। इसी वजह से मछली नहीं बन सकी। कुछ देर बाद शनिचर शराब के नशे में घर पहुंचा। घर में मछली-भात तैयार नहीं देखकर उसका गुस्सा भड़क गया।
सुषमा ने बताया कि पति ने पहले उससे सवाल-जवाब शुरू किया और देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। वह पति के गुस्से से खुद को बचाने की कोशिश करती रही। इसी बीच बेटी की चीख सुनकर उसकी मां रेखा देवी वहां पहुंचीं। बेटी को पिटता देख मां ने बीच-बचाव करने की कोशिश की। आरोप है कि शनिचर ने सास को भी पीटना शुरू कर दिया।
मारपीट के दौरान रेखा देवी के सिर में जोरदार चोट लगी और देखते ही देखते सिर से खून बहने लगा। घायल मां को देखकर सुषमा के सामने जैसे पूरा घर ही उजड़ता नजर आया। घटना के बाद घर में अफरातफरी मच गई। पड़ोसियों की मदद से घायल मां-बेटी को अस्पताल पहुंचाया गया।

रेखा देवी का आरोप है कि उनका दामाद अक्सर शराब के नशे में घर पहुंचकर हंगामा करता है और मारपीट करता है। घटना के बाद मां-बेटी ने पुलिस को इसकी जानकारी दी।
परबत्ता थानाध्यक्ष अश्वनी कुमार ने बताया कि मामले की सूचना मिली है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
















