


पूर्णिया। हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर शहर के गुलाबबाग जीरोमाइल स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर में श्रद्धा, आस्था एवं भक्तिभाव के साथ विशेष पूजा-अर्चना एवं हवन का आयोजन किया गया। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही और पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
इस अवसर पर पूर्णिया की महापौर विभा कुमारी मंदिर पहुंचीं और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान हनुमान का आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर कमेटी के सदस्यों ने महापौर का शॉल ओढ़ाकर स्वागत एवं सम्मान किया। महापौर ने नगरवासियों के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना करते हुए सभी को हनुमान जन्मोत्सव की शुभकामनाएं दीं।
महापौर ने कहा कि हनुमान जी शक्ति, भक्ति और समर्पण के प्रतीक हैं। उनका जीवन हमें सेवा, साहस और निस्वार्थ भाव से समाज के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कामना की कि हनुमान जी की कृपा से सभी के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा, बल और समृद्धि का संचार हो।
कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन एवं धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। मौके पर बालेश्वर यादव, दिलीप यादव, राजू लोहिया, रंजीत जी, राजेश लाहोटी, वार्ड पार्षद प्रदीप जायसवाल, बहादुर यादव, राकेश रॉय, मुकेश राय, पप्पू पासवान, संजय सिंह, मुकेश भगत सहित कई गणमान्य एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।













