0
(0)

पूर्णिया। मुख्यमंत्री खेल विकास योजना के अंतर्गत संचालित एकलव्य राज्य आवासीय खेल प्रशिक्षण केंद्र हेतु फुटबॉल खेल विधा के बालक एवं बालिका खिलाड़ियों के चयन के लिए गुरुवार को स्थानीय जिला स्कूल परिसर में जिला प्रशासन द्वारा चयन ट्रायल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम उप निदेशक, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण पटना के ज्ञापांक 1693 दिनांक 20 फरवरी 2026 के विभागीय निर्देश के आलोक में आयोजित किया गया।

चयन ट्रायल में विभिन्न जिलों से बालक वर्ग के 104 तथा बालिका वर्ग की 9 खिलाड़ियों ने भाग लिया। उपस्थित खिलाड़ियों का विभागीय प्रशिक्षकों द्वारा बैटरी टेस्ट एवं स्किल टेस्ट लिया गया। दोनों परीक्षणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन एकलव्य राज्य आवासीय खेल प्रशिक्षण केंद्र के लिए किया जाएगा।

चयनित खिलाड़ियों को बिहार सरकार के खेल विभाग की ओर से निःशुल्क भोजन, आवासन एवं खेल प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। प्रतियोगिता का सतत अनुश्रवण वरीय उप समाहर्ता सह जिला खेल पदाधिकारी रविशंकर झा तथा जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (माध्यमिक शिक्षा एवं स्थापना) पूर्णिया द्वारा किया गया।

चयन प्रतियोगिता के दौरान स्थानीय एवं अन्य जिलों से आए अभिभावक, विभागीय प्रतिनिधि प्रशिक्षक, शिक्षा विभाग के शिक्षक एवं जिला खेल कार्यालय के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। पूरा चयन ट्रायल शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न हुआ।

खेल विभाग द्वारा जानकारी दी गई कि अन्य खेल विधाओं के चयन ट्रायल भी निर्धारित तिथियों पर आयोजित किए जाएंगे। वॉलीबॉल (बालक-बालिका) का ट्रायल 7 अप्रैल 2026 को जिला स्कूल किरण मैदान में, तीरंदाजी का चयन 8 अप्रैल को जिला स्कूल पूर्णिया में तथा हॉकी खेल विधा के खिलाड़ियों का ट्रायल 9 अप्रैल 2026 को राजकीय कन्या उच्च विद्यालय पूर्णिया में आयोजित किया जाएगा।

चयन प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए खिलाड़ियों की आयु सीमा 1 जनवरी 2012 से 1 जनवरी 2014 के बीच निर्धारित की गई है। प्रतिभागियों को आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र की छायाप्रति एवं दो पासपोर्ट साइज फोटो के साथ निर्धारित तिथि एवं स्थल पर उपस्थित होना अनिवार्य होगा।

यह पहल राज्य में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और खेल विकास को बढ़ावा देने की दिशा में बिहार सरकार का महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: