0
(0)

पूर्णिया :
पूर्णिया जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को बोरे में भरकर करीब 42 किलोमीटर दूर फेंक दिया गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला खुद थाने पहुंची और अपना जुर्म कबूल करते हुए गिरफ्तारी की मांग की।

मृतक की पहचान कसबा थाना क्षेत्र के राधानगर निवासी उमेश कुमार सिंह (47) के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी पत्नी सुनीता देवी (40), उसके प्रेमी पवन कुमार और पवन के पिता महेंद्र भगत को गिरफ्तार कर लिया है।

गला रेतकर की हत्या, शरीर पर कई वार के निशान
जानकारी के अनुसार, 31 मार्च की शाम आरोपी पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके पिता के साथ मिलकर घर में ही धारदार हथियार (दबिया) से उमेश कुमार सिंह की गला रेतकर हत्या कर दी। मृतक के शरीर पर पांच से अधिक गहरे जख्म के निशान पाए गए हैं। हत्या के बाद तीनों आरोपियों ने शव को बोरे में बंद किया और अमौर थाना क्षेत्र के पलसा घाट के पास सड़क किनारे फेंक दिया।

तीन साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग
मृतक के परिजनों के अनुसार, उमेश और पवन पहले आपस में मित्र थे। पवन का घर आना-जाना था, इसी दौरान उसकी नजदीकियां उमेश की पत्नी सुनीता से बढ़ीं और दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गया। बताया जा रहा है कि करीब तीन साल से दोनों के बीच यह संबंध चल रहा था, जिसे लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।

गांव वालों ने दी थी जानकारी, फिर भी जारी रहा संबंध
करीब डेढ़ साल पहले गांव के लोगों ने उमेश को पत्नी और पवन के संबंधों की जानकारी दी थी। इसके बाद परिवार में कई बार पंचायत भी हुई और महिला को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन कुछ दिनों बाद फिर से दोनों मिलने लगे, जिससे घर में तनाव और बढ़ गया।

दो दिन पहले बनाया हत्या का प्लान
बताया जा रहा है कि घटना से दो दिन पहले पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था। इसके बाद सुनीता ने अपने प्रेमी पवन और उसके पिता के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। योजना के तहत संकीर्तन कार्यक्रम का बहाना बनाकर रात में वारदात को अंजाम दिया गया।

बेटे ने देखा खून से सना घर, खुला राज
घटना के अगले दिन जब मृतक का छोटा बेटा घर पहुंचा तो उसने कमरे में खून फैला देखा और शोर मचाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। इसी दौरान अमौर क्षेत्र में बोरे में बंद शव मिलने की खबर आई, जिसकी पहचान उमेश के रूप में हुई।

खुद थाने पहुंची आरोपी पत्नी
घटना के कुछ ही घंटों बाद आरोपी पत्नी सुनीता देवी खुद के.हाट थाना पहुंची और पुलिस को बताया कि उसने अपने पति की हत्या की है और उसे गिरफ्तार किया जाए। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में ले लिया और उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया।

पुलिस जांच जारी
सदर एसडीपीओ राजेश राम ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला सुनियोजित हत्या का प्रतीत हो रहा है। मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और लोग स्तब्ध हैं।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: