


हर घर तिरंगा अभियान के तहत पूर्णिया में भाजपा ने चलाया जनसंपर्क अभियान, नूतन गुप्ता ने ग्रामीणों को भेंट किया तिरंगा
पूर्णिया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभर में चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं द्वारा लगातार जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पूर्णिया भाजपा की जिला मंत्री नूतन गुप्ता ने शहरी क्षेत्र से लेकर ग्रामीण इलाकों तक व्यापक जनसंपर्क किया और लोगों से सीधा संवाद स्थापित कर उनमें राष्ट्रभक्ति एवं देशप्रेम की भावना को जागृत किया।

ग्रामीण क्षेत्रों में प्रवास के दौरान नूतन गुप्ता ने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उन्हें राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा भेंट किया। उन्होंने लोगों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के प्रति सम्मान, समर्पण और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का माध्यम है।
नूतन गुप्ता ने घर-घर जाकर लोगों को तिरंगा सौंपते हुए आग्रह किया कि वे इसे अपने घरों की छत, बालकनी अथवा किसी ऊंचे और प्रमुख स्थान पर पूरे सम्मान के साथ फहराएं। उन्होंने कहा कि तिरंगा महज कपड़े का एक टुकड़ा नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक के लिए आन, बान और शान का प्रतीक है। जब तिरंगा हमारे घरों पर लहराता है तो यह हमें देश की एकता, अखंडता और गौरव का अहसास कराता है।
उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देश के प्रत्येक नागरिक के हृदय में राष्ट्र के प्रति समर्पण और गौरव की भावना को और मजबूत करने का एक प्रभावी माध्यम है। तिरंगा देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता का प्रतीक है। इसके प्रति सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
भाजपा जिला मंत्री ने विशेष रूप से युवाओं से राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है। युवाओं को अपने अधिकारों के साथ-साथ राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को भी समझना चाहिए और देश की प्रगति में अपनी सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए।
नूतन गुप्ता की इस पहल को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में खासा उत्साह देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक तिरंगा स्वीकार किया और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर इसे पूरे सम्मान के साथ अपने घरों पर फहराने का संकल्प लिया। ग्रामीणों ने कहा कि तिरंगा देश की गौरवशाली पहचान है और इसे अपने घर पर फहराना उनके लिए गर्व का विषय है।
इस दौरान स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने एक स्वर में ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के उद्घोष किए। पूरे क्षेत्र में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला और लोगों ने उत्साह के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह में भाग लेने तथा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।
















