


‘
पूर्णिया। भारत सरकार के महत्वाकांक्षी ‘हर घर तिरंगा-2026’ अभियान के तहत मंगलवार को सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) क्षेत्रक मुख्यालय, पूर्णिया द्वारा भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। उच्च मुख्यालय के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन उप महानिरीक्षक मधुकर अमिताभ के मार्गदर्शन में किया गया।

रैली को कमान्डेंट (प्रशासन) जनार्दन मिश्र ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रभक्ति और देश के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करना है।
साइकिल रैली के माध्यम से एसएसबी के अधिकारियों और जवानों ने आम लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के महत्व से अवगत कराया तथा 9 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक अपने घरों, सरकारी कार्यालयों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने की अपील की। साथ ही लोगों को तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर www.harghartiranga.com वेबसाइट पर अपलोड करने के लिए भी प्रेरित किया गया।
रैली में क्षेत्रक मुख्यालय पूर्णिया के अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में एसएसबी के जवान उत्साहपूर्वक शामिल हुए। सभी ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के संदेश के साथ साइकिल रैली में भाग लिया और नागरिकों से अभियान को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि देश के प्रति सम्मान और राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करने का माध्यम है। उन्होंने सभी नागरिकों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा बनाए रखने की अपील की।
















