5
(3)

अमित मंडल का ऑलराउंड जलवा, मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सीरीज दोनों खिताब किए अपने नाम

नवगछिया। एकता क्रिकेट क्लब (ईसीसीएन) नवगछिया द्वारा आयोजित फ्रेंडशिप कप सीजन-3 का खिताबी मुकाबला मंगलवार को खेला गया। फाइनल में ईसीसीएन-11 नवगछिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सोनू-11 कटिहार को पांच विकेट से पराजित कर ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया। पूरे टूर्नामेंट में नवगछिया की टीम का दबदबा कायम रहा और फाइनल में भी खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया।

टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए सोनू-11 कटिहार की टीम निर्धारित 20 ओवर में सभी विकेट गंवाकर 126 रन ही बना सकी। लक्ष्य का पीछा करने उतरी ईसीसीएन-11 नवगछिया की टीम ने 17 ओवर में पांच विकेट खोकर 127 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।

जीत के सूत्रधार बने अमित कुमार मंडल, जिन्होंने 43 गेंदों पर नाबाद 69 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर टीम को यादगार जीत दिलाई। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। वहीं पूरे टूर्नामेंट में लगातार बेहतरीन बल्लेबाजी करने के लिए अमित मंडल को मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार भी दिया गया।

पुरस्कार वितरण समारोह में नवगछिया क्रिकेट अकादमी के संरक्षक एवं ज्ञान वाटिका विद्यालय के प्राचार्य राजेश कुमार झा ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया। उन्होंने मैन ऑफ द सीरीज अमित कुमार मंडल को ₹3100 नकद पुरस्कार प्रदान किया। वहीं पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट गेंदबाजी करने वाले राज नवीन सिंह को बेस्ट बॉलर चुना गया और उन्हें भी राजेश कुमार झा द्वारा ₹3100 नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

इसके अतिरिक्त फाइनल मुकाबले में शानदार अर्धशतक लगाने वाले कटिहार टीम के खिलाड़ी को 50 रन पूरे करने पर ₹500 की विशेष प्रोत्साहन राशि दी गई। वहीं नवगछिया क्रिकेट अकादमी के निदेशक निखिल रंजन एवं प्राचार्य राजेश कुमार झा ने संयुक्त रूप से उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अमित कुमार मंडल को अतिरिक्त ₹501 नकद पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।

पुरस्कार वितरण समारोह की मुख्य अतिथि नगर परिषद नवगछिया की मुख्य पार्षद प्रीति यादव थीं। उन्होंने विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान करते हुए कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास करता है। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

फ्रेंडशिप कप सीजन-3 में कुल 16 टीमों ने भाग लिया था। पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल भावना का परिचय दिया। फाइनल मुकाबला देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मैदान में मौजूद रहे। जीत के बाद ईसीसीएन-11 नवगछिया के खिलाड़ियों और समर्थकों ने जमकर जश्न मनाया।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 3

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: