


नवगछिया : बिहार सरकार के निर्देशानुसार रविवार को इस्माइलपुर प्रखंड की सभी पांचों ग्राम पंचायतों में पंचायत विकास दिवस का आयोजन उत्साह और जनभागीदारी के साथ किया गया। इस अवसर पर ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया, वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का सामूहिक प्रसारण भी किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और महिलाओं ने भाग लिया।
पंचायत विकास दिवस के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं की समीक्षा की गई तथा ग्रामीणों को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। विशेष रूप से महिलाओं, किसानों एवं ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं के बारे में अधिकारियों और कर्मियों ने विस्तार से जानकारी दी तथा पात्र लोगों से इन योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम में महिलाओं की भागीदारी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। आंगनबाड़ी सेविकाओं, जीविका दीदियों, आशा कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं ने सक्रिय रूप से हिस्सा लिया और पंचायत विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने सुझाव भी दिए।

इस अवसर पर कृषि विभाग की ओर से संचालित ‘खेत बचाओ अभियान’ का जागरूकता रथ भी विभिन्न पंचायतों में पहुंचा। एलईडी स्क्रीन के माध्यम से किसानों को आधुनिक खेती, फसल संरक्षण, कृषि योजनाओं तथा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। किसानों ने भी कृषि विशेषज्ञों से योजनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी अमरजीत कुमार, अंचलाधिकारी रोहित कुमार, सभी पंचायतों के मुखिया, सरपंच, पंचायत समिति सदस्य, वार्ड सदस्य, पंच, पंचायत सचिव, किसान सलाहकार, विकास मित्र, कार्यपालक सहायक, महिला पर्यवेक्षिका सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सरकारी कर्मी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने कहा कि पंचायत विकास दिवस का उद्देश्य ग्राम सभाओं को सशक्त बनाना, विकास योजनाओं में जनभागीदारी बढ़ाना तथा सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। ग्रामीणों से पंचायत के समग्र विकास में सक्रिय सहयोग देने की भी अपील की गई।
















