


नवगछिया की नतिनी एवं दिनेश शर्मा की पुत्री ख्वाहिश शर्मा ने जर्मनी में आयोजित वर्ल्ड चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर पूरे देश और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विश्व स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए ख्वाहिश ने एलिमिनेशन राउंड में बेहतरीन प्रदर्शन कर फाइनल में जगह बनाई। इसके बाद फाइनल मुकाबले में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय दल की तीन प्रतिभागियों में अपने इवेंट में प्रथम स्थान हासिल किया।
हालांकि इस बार ख्वाहिश भारत के लिए पदक जीतने से चूक गईं, लेकिन उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन ने यह साबित कर दिया कि वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की उभरती हुई प्रतिभाओं में शामिल हैं। उनकी इस उपलब्धि पर परिवार, शुभचिंतकों और पूरे नवगछिया क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
ख्वाहिश के मामा श्रीधर कुमार ने बताया कि यह उपलब्धि भगवान श्री बालाजी महाराज की कृपा, परिवार के सहयोग और सभी शुभचिंतकों के आशीर्वाद का परिणाम है। उन्होंने कहा कि ख्वाहिश का चयन वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए होना ही बड़ी उपलब्धि थी, लेकिन वहां फाइनल तक पहुंचकर अपने इवेंट में भारतीय प्रतिभागियों में शीर्ष स्थान प्राप्त करना पूरे परिवार और देश के लिए गर्व का विषय है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 में ख्वाहिश ने लगातार तीन अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं—एशियन चैंपियनशिप, वर्ल्ड कप और वर्ल्ड चैंपियनशिप—में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। इतनी कम उम्र में लगातार अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पहुंचना उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है।
परिजनों ने विश्वास जताया कि यह उनकी सफलता की शुरुआत है और आने वाले समय में ख्वाहिश अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत के लिए पदक जीतकर तिरंगे का मान और ऊंचा करेंगी।
ख्वाहिश शर्मा की इस उपलब्धि पर नवगछिया सहित पूरे क्षेत्र के लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। लोगों ने कहा कि उनकी सफलता क्षेत्र के अन्य बच्चों और खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
















