


5 लाख की सुपारी देकर कराई प्रॉपर्टी डीलर श्याम साह की हत्या
नवगछिया पुलिस का बड़ा खुलासा, शूटर, लाइनर समेत तीन अपराधी गिरफ्तार
नवगछिया पुलिस ने गोपालपुर थाना क्षेत्र में हुए चर्चित श्याम साह हत्याकांड का सफल उद्भेदन करते हुए हत्या की पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि जमीनी विवाद में अपने ही गोतिया ने पांच लाख रुपये की सुपारी देकर प्रॉपर्टी डीलर श्याम साह की हत्या करवाई थी। इस मामले में पुलिस ने शूटर, लाइनर समेत तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
शुक्रवार को नवगछिया पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 3 जून 2026 की रात गोपालपुर थाना क्षेत्र के पोखरिया चौक के समीप बाइक सवार अपराधियों ने प्रॉपर्टी डीलर श्याम साह की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी।
एसआईटी गठन के बाद शुरू हुई ताबड़तोड़ कार्रवाई
घटना के बाद मृतक की पत्नी के आवेदन पर गोपालपुर थाना कांड संख्या-187/26 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई, जिसमें अंचल निरीक्षक नवगछिया, गोपालपुर एवं रंगरा थानाध्यक्ष तथा डीआईयू टीम को शामिल किया गया।
पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना तंत्र के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। लगातार छानबीन के बाद पुलिस ने हत्याकांड में शामिल शूटर और लाइनर तक पहुंच बनाई।
शूटर, लाइनर और सहयोगी गिरफ्तार
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भवानीपुर थाना क्षेत्र के मनोहरपुर निवासी गुड्डू कुमार पिता-अंबिका सिंह, गोपालपुर थाना क्षेत्र के पोखरिया निवासी सुधांशु कुमार पिता-चतुरी साह तथा अभिषेक उर्फ बमबम कुमार पिता-प्रेमलाल साह को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अपराधियों के पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। पूछताछ में तीनों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।
गोतिया ने दी थी 5 लाख की सुपारी
एसपी वैभव शर्मा ने बताया कि जांच और पूछताछ के दौरान यह तथ्य सामने आया कि मृतक श्याम साह और उनके गोतिया मणिकांत साह (पिता-बालेश्वर साह) के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था।
इसी विवाद के कारण मणिकांत साह ने अपने सहयोगियों सुधांशु और अभिषेक उर्फ बमबम के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि श्याम साह की हत्या के लिए पांच लाख रुपये की सुपारी तय की गई थी, जिसके बाद शूटर गुड्डू कुमार को हत्या की जिम्मेदारी सौंपी गई।
योजनाबद्ध तरीके से अपराधियों ने श्याम साह की गतिविधियों पर नजर रखी और मौका मिलते ही पोखरिया चौक के पास गोली मारकर उनकी हत्या कर दी।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
एसपी ने बताया कि इस हत्याकांड में शामिल अन्य अपराधियों की पहचान भी कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही पूरे गिरोह को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गिरफ्तार अपराधियों का रहा है आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अपराधी गुड्डू कुमार और सुधांशु कुमार का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। दोनों के विरुद्ध भवानीपुर एवं गोपालपुर थाना में कई गंभीर मामले दर्ज हैं। शूटर गुड्डू कुमार पूर्व में जेल भी जा चुका है।
पुलिस टीम को मिलेगा पुरस्कार
एसपी वैभव शर्मा ने कहा कि इस चर्चित हत्याकांड के सफल उद्भेदन और अपराधियों की गिरफ्तारी में शामिल पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को पुरस्कृत किया जाएगा।
















