5
(1)

नशामुक्त समाज अभियान के दौरान मिली सफलता, ग्रामीणों की सक्रियता से पकड़ा गया संदिग्ध युवक

भागलपुर। जगदीशपुर प्रखंड के बाईपास थाना क्षेत्र में नशामुक्त समाज के निर्माण को लेकर चलाए जा रहे जन-जागरूकता अभियान के दौरान ग्रामीणों को बड़ी सफलता मिली है। शुक्रवार को बैजानी चौक पर ग्रामीणों ने एक संदिग्ध युवक को पकड़कर उसके पास से कथित रूप से स्मैक बरामद किया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया।

जानकारी के अनुसार क्षेत्र में बढ़ते नशे के कारोबार और युवाओं में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति को लेकर ग्रामीणों में काफी आक्रोश है। इसी के मद्देनजर पिछले पांच दिनों से स्थानीय लोगों द्वारा नशा विरोधी जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत ग्रामीण विभिन्न चौक-चौराहों एवं सार्वजनिक स्थानों पर निगरानी रखने के साथ-साथ लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक भी कर रहे हैं।

इसी क्रम में बैजानी चौक पर एक युवक की गतिविधियां ग्रामीणों को संदिग्ध लगीं। पूछताछ एवं तलाशी के दौरान उसके पास से कथित रूप से स्मैक बरामद होने की बात सामने आई। इसके बाद ग्रामीणों ने युवक को पकड़कर बाईपास थाना पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही बाईपास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपने कब्जे में लेकर थाना ले गई। पुलिस द्वारा बरामद पदार्थ को जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

इस संबंध में बाईपास थानाध्यक्ष सुमन कुमार राय ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए युवक से पूछताछ की जा रही है। बरामद पदार्थ की जांच कराई जा रही है तथा मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान चलाने और इसमें संलिप्त लोगों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं पुलिस प्रशासन ने भी आम लोगों से अपील की है कि नशे के खिलाफ जागरूक रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकें।

ग्रामीणों की सक्रियता और पुलिस की तत्परता से क्षेत्र में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान को नई मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: