5
(2)

जलजमाव, नाला सफाई, सड़क और बिजली व्यवस्था की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया

पूर्णिया। शहर की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने नगर आयुक्त कुमार मंगलम से मुलाकात कर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान साफ-सफाई, जल निकासी, पेयजल, सड़क मरम्मत और बिजली व्यवस्था समेत कई नागरिक समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।

आशीष गोस्वामी ने नगर आयुक्त को बताया कि हल्की बारिश के बाद भी शहर के कई इलाकों में जलजमाव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो जाती है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि शहर के कई नाले केवल नाम के रह गए हैं और उनकी नियमित सफाई नहीं होने के कारण पानी की निकासी बाधित हो रही है।

उन्होंने कहा कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से बरसात के दिनों में स्थिति और अधिक भयावह हो जाती है। कई मोहल्लों में सड़कें जलमग्न हो जाती हैं, जिससे लोगों का आवागमन प्रभावित होता है।

आशीष गोस्वामी ने बिजली व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के कई वार्डों में बिजली आपूर्ति तो हो रही है, लेकिन अब तक बिजली के खंभे नहीं लगाए गए हैं। कई जगहों पर बांस-बल्ली और अस्थायी सहारे से बिजली के तार लगाए गए हैं, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है। उन्होंने इसे गंभीर समस्या बताते हुए जल्द स्थायी समाधान की मांग की।

विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ की ओर से नगर निगम एवं संबंधित विभाग से जाम नालों की सफाई, जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने तथा सुरक्षित विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई बेहद जरूरी है।

नगर आयुक्त कुमार मंगलम ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित क्षेत्रों का निरीक्षण करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि नगर निगम आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देकर जल्द कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

मौके पर संगठन के राष्ट्रीय मंत्री खगेश कुमार, राष्ट्रीय आईटी सेल प्रभारी नीतीश कुमार, राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी राकेश सिंह, पूर्णिया नगर अध्यक्ष अमरेंद्र भगत एवं विक्की गोस्वामी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: