


प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। भागलपुर जिले के हबीबपुर स्थित कब्रिस्तान में रविवार को अंतिम संस्कार की रस्म के दौरान बड़ा हादसा हो गया। जनाजे की खाट को कब्र तक ले जाने के दौरान वह ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन के संपर्क में आ गई। देखते ही देखते मौके पर अफरा-तफरी मच गई और करंट की चपेट में आने से छह लोग घायल हो गए।
घटना के समय कब्रिस्तान में मिट्टी देने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। हादसे में मोहम्मद अल्ताफ (22), मो उमोद (15), मो अफरोज (38), मो खुशहाल (25), मो जब्बार (40) और मो शाहबाज (12) घायल हो गए।
स्थानीय लोगों और हबीबपुर पुलिस की तत्परता से सभी घायलों को तुरंत सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। राहत की बात यह है कि सभी घायलों की हालत में सुधार बताया जा रहा है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में बिजली विभाग के प्रति भारी नाराजगी देखने को मिली। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में कई स्थानों पर 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन काफी नीचे और लापरवाहीपूर्ण स्थिति में लटकी हुई है, जिसकी शिकायत कई बार की जा चुकी है। लोगों का यह भी आरोप है कि विभाग के जेई संतोष कुमार को सूचना देने की कोशिश की जाती है, लेकिन वे फोन नहीं उठाते।
शाहजंगी पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि मो सिराज ने कहा कि यह हादसा बिजली विभाग की कथित लापरवाही का परिणाम है। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए और क्षेत्र में झूल रहे बिजली तारों को तत्काल दुरुस्त कराया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
वहीं स्थानीय निवासी मो आफताब वारसी ने भी घटना की जानकारी देते हुए प्रशासन से बिजली व्यवस्था की व्यापक जांच कराने और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने की मांग की।















