


नवगछिया। श्री सद्गुरु साईंनाथ सेवा समिति के कार्यकारी अध्यक्ष एवं युवा समाजसेवी शुभम यादव ने अपने जन्मदिवस के अवसर पर पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने जन्मदिन को सादगीपूर्ण तरीके से मनाते हुए लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक किया।

जन्मदिवस के अवसर पर एकदिवसीय संतमत सत्संग का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर सत्संग का लाभ लिया। वहीं, श्री शिर्डी साईंनाथ दरबार में विशेष आरती का आयोजन किया गया। आरती के बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।
इस अवसर पर शुभम यादव ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण सबसे महत्वपूर्ण जरूरतों में से एक है। बढ़ते प्रदूषण और बदलते पर्यावरण को देखते हुए अधिक से अधिक पौधरोपण किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी जरूरी है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ एवं अन्य विशेष अवसरों पर पौधरोपण करें और लगाए गए पौधों की जिम्मेदारी लेकर उनकी देखभाल करें। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण तैयार करने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में श्री सद्गुरु साईंनाथ सेवा समिति के सदस्य, सैकड़ों श्रद्धालु एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे। जन्मदिन के अवसर पर पौधरोपण और धार्मिक आयोजन के माध्यम से सादगीपूर्ण तरीके से जन्मदिवस मनाने की लोगों ने सराहना की।
















