


भागलपुर। समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय जीवन जागृति सोसायटी ने एक बार फिर मानवता की मिसाल पेश करते हुए ब्रेन ट्यूमर से पीड़ित एक बच्ची के बेहतर इलाज की जिम्मेदारी उठाई है। संस्था के प्रयास से बच्ची को उन्नत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जोधपुर एम्स भेजा गया, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार किया जाएगा।

सोसायटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अजय कुमार सिंह ने बताया कि कुछ दिन पूर्व शिवजी यादव अपनी पोती को इलाज के लिए उनके पास लेकर आए थे। प्रारंभिक जांच के दौरान बच्ची की स्थिति सामान्य नहीं लगी, जिसके बाद एमआरआई कराया गया। जांच रिपोर्ट में मस्तिष्क के गहरे हिस्से थैलेमस में ट्यूमर होने की पुष्टि हुई। उन्होंने बताया कि यह अत्यंत जटिल मामला है, जिसका उपचार स्थानीय स्तर पर संभव नहीं था।
डॉ. अजय कुमार सिंह ने बताया कि उन्होंने अपने सहपाठी एवं जोधपुर एम्स के न्यूरोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. दीपक झा से संपर्क किया। मामले की जानकारी मिलने के बाद डॉ. झा ने बच्ची को जोधपुर लाने की सलाह दी तथा बताया कि उनके विभाग में विदेश से विशेष प्रशिक्षण प्राप्त चिकित्सक इस प्रकार के जटिल मामलों का सफल उपचार कर रहे हैं।
जब बच्ची के परिजनों से जोधपुर ले जाने की बात हुई तो उन्होंने आर्थिक तंगी एवं यात्रा संबंधी कठिनाइयों का हवाला दिया। परिजनों ने बताया कि उनकी स्थिति ऐसी नहीं है कि वे इतने दूर जाकर इलाज करा सकें। इसके बाद डॉ. अजय कुमार सिंह ने सोशल मीडिया के माध्यम से सहयोग की अपील की।
अपील के बाद एक समाजसेवी व्यवसायी ने बच्ची के इलाज, यात्रा व्यवस्था तथा परिजनों के साथ एक सहयोगी भेजने की जिम्मेदारी लेते हुए हरसंभव आर्थिक सहायता का भरोसा दिया। उनकी इच्छा के अनुरूप उनका नाम सार्वजनिक नहीं किया गया। बुधवार को बच्ची को नवगछिया से राजधानी एक्सप्रेस के माध्यम से दिल्ली होते हुए जोधपुर के लिए रवाना किया गया।
बच्ची के दादा शिवजी यादव ने भावुक होकर कहा कि उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि उनकी पोती का इलाज जोधपुर जैसे बड़े संस्थान में हो सकेगा। उन्होंने जीवन जागृति सोसायटी एवं डॉ. अजय कुमार सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था के प्रयासों से उनके परिवार को नई उम्मीद मिली है।
आयुर्वेदिक कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ. कृष्ण सिंह ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जीवन जागृति सोसायटी लगातार मानव सेवा एवं जीवन रक्षा से जुड़े कार्य कर समाज के सामने प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत कर रही है। ऐसे प्रयास जरूरतमंद परिवारों के लिए नई आशा का संचार करते हैं।
















