5
(1)

प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। काजीकोरैया – राघोपुर बांध एवं राघोपुर के कटाव प्रभावित क्षेत्रों का शनिवार को जिलाधिकारी महोदया एवं बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों से कटाव की वर्तमान स्थिति, कटाव निरोधी कार्यों की प्रगति, राहत एवं बचाव कार्य तथा प्रभावित लोगों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली गई।
जिलाधिकारी एवं मंत्री ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को युद्धस्तर पर कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। मुख्य अभियंता एवं कार्यपालक अभियंता को स्थल की परिस्थितियों के अनुरूप विस्तृत ब्लूप्रिंट और कार्ययोजना तैयार कर प्रभावी तरीके से काम कराने को कहा गया।
जियोबैग की आपूर्ति के लिए बढ़ेंगे वाहन
कटाव निरोधी कार्यों में तेजी लाने के लिए पर्याप्त मात्रा में जियोबैग उपलब्ध कराने तथा सामग्री को जल्द से जल्द कार्यस्थल तक पहुंचाने के लिए वाहनों की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि सामग्री की कमी के कारण कार्य बाधित न हो।
रेलवे बांध की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को तत्काल कटाव निरोधी एवं सुरक्षात्मक कार्य कराने का निर्देश दिया गया। बांध की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने और जोखिम वाले स्थानों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान कटाव निरोधी कार्यों में श्रमिकों की कमी का मुद्दा भी उठा। श्रमिकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए मनरेगा कार्यक्रम पदाधिकारी से समन्वय कर आवश्यक संख्या में श्रमिक उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया, ताकि कार्यों की गति प्रभावित न हो।
कम्युनिटी किचन और मेडिकल कैंप की समीक्षा
जिलाधिकारी ने प्रभावित क्षेत्रों में संचालित कम्युनिटी किचन की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने कम्युनिटी किचन एवं राहत क्षेत्रों में मेडिकल कैंप की समुचित व्यवस्था, स्पष्ट सूचना एवं बैनर लगाने तथा पर्याप्त मात्रा में आवश्यक दवाइयां उपलब्ध रखने के निर्देश दिए।


बाढ़ प्रभावित बच्चों के पोषण पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया। आईसीडीएस द्वारा पोषक क्षेत्र के बच्चों को दिए जा रहे एचसीएम (HCM) का लाभ बाढ़ प्रभावित बच्चों को भी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया, ताकि प्रभावित परिवारों के बच्चों को आवश्यक पोषण सहायता मिल सके।
राहत स्थलों पर साफ-सफाई दुरुस्त करने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान प्रभावित क्षेत्रों और राहत स्थलों की साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों को नियमित सफाई, स्वच्छ वातावरण और जनस्वास्थ्य से जुड़ी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कटाव निरोधी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कटाव निरोधी योजनाओं को गति दें तथा प्रभावित लोगों के लिए राहत, स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छता से जुड़ी सभी आवश्यक सुविधाएं प्रभावी रूप से सुनिश्चित करें।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: