


जी. डी. गोयनका पब्लिक स्कूल की पहल से भावुक हुए वृद्धजन
पूर्णिया । जी. डी. गोयनका पब्लिक स्कूल, पूर्णिया द्वारा रविवार को एक भावनात्मक और प्रेरणादायक सामाजिक पहल के तहत कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को कल्याणी वृद्धा आश्रम ले जाया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने वृद्धजनों को खाद्य सामग्री भेंट कर सेवा, सम्मान और संवेदनशीलता का परिचय दिया।

विद्यालय परिसर में पूर्व से लगाए गए डोनेशन कैंप में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी इच्छा व सामर्थ्य के अनुसार दान सामग्री एकत्रित की। बाद में बच्चों ने स्वयं वृद्धा आश्रम पहुंचकर वृद्धजनों को सम्मानपूर्वक सामग्री प्रदान की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने गीत-संगीत, अंताक्षरी, “पासिंग द पिलो” खेल, कविता पाठ और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से वृद्धजनों का मनोरंजन किया। बच्चों के स्नेह, अपनापन और प्रेम को देखकर कई वृद्धजन भावुक हो उठे। कुछ ने बच्चों को गले लगाकर आशीर्वाद दिया तो कई की आंखें नम हो गईं।

इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती पुलोमा नंदी, एडमिनिस्ट्रेटर प्रीतम दास, सीनियर एकेडमिक कोऑर्डिनेटर त्रिवेणी प्रसाद पांडेय सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक भी मौजूद रहे। सभी ने विद्यार्थियों के सेवा भाव और मानवीय संवेदनाओं की सराहना की।
कल्याणी वृद्धा आश्रम की ओर से रवीन्द्र कुमार साह, अरुण कुमार साह, सुरेन्द्र कुमार साह एवं ममता सिंह कार्यक्रम में शामिल रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ने के इस प्रयास की प्रशंसा की।

विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि यह केवल एक सामाजिक भ्रमण नहीं था, बल्कि विद्यार्थियों के भीतर करुणा, सहानुभूति, सेवा भावना और बड़ों के प्रति सम्मान जैसे जीवन मूल्यों को विकसित करने की सार्थक पहल थी। विद्यालय ने भविष्य में भी शिक्षा के साथ-साथ नैतिक और सामाजिक मूल्यों को बढ़ावा देने वाले कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई।
















