


पूर्णिया : शनिवार की देर रात आए तेज आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश ने Katihar शहर में भारी तबाही मचा दी। रात करीब 9:45 बजे बदले मौसम ने शहर के कई मुख्य और रिहायशी इलाकों को प्रभावित किया। विशालकाय पेड़ और बिजली के पोल सड़कों पर गिर गए, जिससे बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई और कई प्रमुख मार्गों पर आवागमन बाधित हो गया।
मिरचाईबाड़ी चौक पर सड़क पर गिरा ट्रांसफार्मर

तबाही का सबसे बड़ा असर मिरचाईबाड़ी चौक पर देखने को मिला, जहां तेज हवा के कारण एक भारी ट्रांसफार्मर बिजली के पोल समेत उखड़कर सीधे सड़क पर आ गिरा। इसके कारण कटिहार-पूर्णिया एनएच 131ए पर वाहनों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई। राहगीरों को जान जोखिम में डालकर वहां से गुजरना पड़ा।
स्थानीय निवासी राजेश कुमार, राकेश कुमार और विशाल कुमार ने बताया कि आंधी के दौरान अचानक ट्रांसफार्मर पोल समेत गिर पड़ा, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर भागने लगे।
सिरसा और ब्रांच रोड में भी गिरे पेड़

कटिहार-पूर्णिया मार्ग पर सिरसा के आगे एक विशाल पेड़ सड़क पर गिर गया। वहीं एसबीपी विद्या विहार के सामने ब्रांच रोड में बिजली के चालू तारों पर सिमर का बड़ा पेड़ गिरने से इलाके में दहशत फैल गई।
हालांकि, संभावित खतरे को देखते हुए बिजली विभाग ने पहले ही बिजली सप्लाई बंद कर दी थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया और किसी जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
पूरी रात ब्लैकआउट, आज भी संकट के आसार
देर रात तक कई इलाकों से पेड़ और मलबा नहीं हटाया जा सका था, जिसके कारण लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी झेलनी पड़ी। पूरे शहर में ब्लैकआउट जैसी स्थिति बनी रही।















