


नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत खरीक थाना क्षेत्र के मारहडीह गांव में एक 20 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान पटेल ऋषिदेव (20 वर्ष), पिता मनोज ऋषिदेव, निवासी मराडीह के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक का शव गांव के ही एक पड़ोसी के घर में मिला। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। बताया जा रहा है कि जिस घर में युवक की मौत हुई, वहां मौजूद लोग घटना के बाद से फरार बताए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों के बीच युवक की मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोगों का कहना है कि उसकी मौत बिजली के करंट लगने से हुई हो सकती है। हालांकि पुलिस को अब तक शरीर पर किसी प्रकार के स्पष्ट चोट के निशान नहीं मिले हैं।
घटना की सूचना मिलने के बाद खरीक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है तथा मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामला प्रथम दृष्टया संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया कराई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस अग्रिम कार्रवाई में जुटी हुई है और फरार लोगों की तलाश की जा रही है।
वही खरीक पुलिस द्वारा शव को अनुमंडल अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए लाया गया , जहां देर रात प्रक्रिया की जा रही थी ।














