
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता के संबंध में की गई कथित अभद्र टिप्पणी पर जताई नाराजगी, कांग्रेस अध्यक्ष से अविलंब माफी मांगने की मांग
कटिहार : पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की कथित अभद्र टिप्पणी पर कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि श्रीकृष्ण सिंह की जयंती के अवसर पर बापू सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता के संबंध में की गई टिप्पणी कांग्रेस की सोच और उसके वैचारिक दिवालियापन को दर्शाती है।

तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे लगातार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ असंसदीय टिप्पणियां करते रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता संसद के भीतर और बाहर संवैधानिक मर्यादाओं का उल्लंघन करते हुए अमर्यादित बयान देते हैं और ऐसी हरकतें करते हैं, जो लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप नहीं हैं।
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि संसद देश के करोड़ों नागरिकों की भावनाओं और लोकतांत्रिक आकांक्षाओं का प्रतिनिधित्व करने वाला महत्वपूर्ण संस्थान है। ऐसे में संसद के भीतर या बाहर गैर-जिम्मेदाराना बयान देना लोकतंत्र के प्रमुख स्तंभों के प्रति अनादर और संवैधानिक मर्यादाओं की अवहेलना है।
उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मांग की कि वे अपने बयान के लिए अविलंब देश से माफी मांगें और इस प्रकार की बयानबाजी बंद करें। तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा और संवैधानिक मूल्यों का सम्मान बनाए रखना आवश्यक है।
















