5
(1)

पूर्णिया। शिक्षा विभाग द्वारा संचालित किलकारी बिहार बाल भवन, पूर्णिया में 23 अगस्त 2026 को सावन महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नन्हे कलाकारों ने अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता के माध्यम से स्थानीय कला, लोक-संस्कृति, पारंपरिक सजावट, मेहंदी, नृत्य एवं संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। वहीं महिला अभिभावकों के लिए सामूहिक खेलों का भी आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं राधा-कृष्ण को झूला झुलाकर की गई। सावन की उमंग और उत्साह के बीच बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

सावन महोत्सव के अवसर पर किलकारी पूर्णिया में पांच दिवसीय मेहंदी कार्यशाला का भी आयोजन किया गया था। कार्यशाला में वर्षा कुमारी ने बच्चों को मेहंदी के विभिन्न डिजाइनों को बनाने का प्रशिक्षण दिया। सावन उत्सव के दौरान बच्चों द्वारा तैयार किए गए मेहंदी डिजाइनों को प्रदर्शनी के माध्यम से प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम में पेपर पर बनाए गए मेहंदी डिजाइन, राखी प्रदर्शनी, हस्तकला प्रदर्शनी, लिप्पन आर्ट एवं चित्रकला प्रदर्शनी भी लगाई गई। इन प्रदर्शनी के माध्यम से बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा और कलात्मक क्षमता को दर्शाया गया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान लोक संगीत ग्रुप द्वारा कजरी ‘अरे बहना बदरा चढ़ल आई’ की प्रस्तुति दी गई। वहीं किलकारी की प्रशिक्षिकाओं सरगम कुमारी एवं सोनी कुमारी द्वारा ‘रिमझिम बरसे किलकारी’ लोक संगीत की प्रस्तुति दी गई।

शास्त्रीय संगीत के तहत ‘शिव कैलाश के वासी’ एवं ‘सुमिरन कर ले’ की प्रस्तुति बच्चों द्वारा दी गई। इन प्रस्तुतियों को शास्त्रीय संगीत प्रशिक्षक अमरनाथ झा एवं तबला प्रशिक्षक मुकेश कुमार झा के मार्गदर्शन में तैयार किया गया था।

इसके अलावा सीनियर समूह के बच्चों ने सावन पर आधारित लोक नृत्य प्रस्तुत किया। बच्चों द्वारा कॉमेडी नाटक ‘तेंगे तेंगे’ का भी मंचन किया गया, जिसे दर्शकों ने सराहा। जूनियर समूह के बच्चों ने क्रिएटिव डांस की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में उत्साह और उमंग भर दी। इस प्रस्तुति को नृत्य प्रशिक्षक अमित कुमार ने तैयार कराया था।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने अपनी प्रतिभा, उत्साह और रचनात्मकता से सावन महोत्सव को जीवंत बना दिया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रमंडल समन्वयक रोशन राणा ने धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने कहा कि सावन उत्सव खुशियों, उमंग और सुंदर यादों के साथ संपन्न हुआ। बच्चों ने अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता से कार्यक्रम को विशेष बना दिया।

उन्होंने सभी अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग और प्रोत्साहन से बच्चों का उत्साह बढ़ा तथा कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान मिला।

कार्यक्रम को सफल बनाने में किलकारी कर्मी, प्रमंडल साधन सेवी रुचि कुमारी, लेखा पदाधिकारी रोहित कुमार तथा किलकारी पूर्णिया के सभी प्रशिक्षक एवं प्रशिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: